बरेली पुलिस के 14 अफसरों की चमकी किस्मत, CO विजय राणा को मिला राष्ट्रपति पदक
स्वतंत्रता दिवस पर बरेली पुलिस के 14 अधिकारियों-कर्मचारियों को सेवा और शौर्य सम्मान मिला। सीओ एलआईयू विजय कुमार राणा को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से नवाजा गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः स्वतंत्रता दिवस पर बरेली पुलिस के लिए सम्मान और गौरव का एक खास अध्याय जुड़ गया। जिले के 14 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट, सराहनीय सेवा और शौर्य के लिए अलग-अलग सम्मान चिह्न प्रदान किए गए। इनमें सीओ एलआईयू विजय कुमार राणा को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक मिलना सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
CO विजय राणा को मिला राष्ट्रपति पदक
सीओ एलआईयू विजय कुमार राणा को लंबे सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्य और विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। बताया गया कि इससे पहले भी उन्हें गृह मंत्रालय की ओर से सम्मान मिल चुका है। उनकी इस उपलब्धि से बरेली पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। स्वतंत्रता दिवस पर मिला यह सम्मान उनके सेवा रिकॉर्ड और कार्य के प्रति समर्पण की पहचान के तौर पर देखा जा रहा है।
स्वर्ण से लेकर रजत सम्मान तक
सराहनीय सेवा के लिए कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर को डीजीपी का स्वर्ण सम्मान चिह्न दिया गया। वहीं एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील शर्मा को शौर्य के लिए रजत सम्मान चिह्न मिला। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह को भी सराहनीय सेवा सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा एसओजी हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, अभिसूचना विभाग के अमित त्यागी, सिपाही धर्मेंद्र चौधरी और फायरमैन तीरन ध्वज को रजत सम्मान चिह्न प्रदान किया गया।
इन पुलिसकर्मियों को भी मिला सम्मान
सेवानिवृत्त सहायक रेडियो अधिकारी प्रदीप कुमार, आरटीसी इंस्पेक्टर हारून खां, भोजीपुरा थाने की एसआई अनीता देवी, एसपी नॉर्थ के रीडर अर्जुन सिंह, मॉनिटरिंग सेल के एसआई श्याम सिंह और फायरमैन अजयपाल सिंह को भी सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वतंत्रता दिवस पर मिले इन सम्मानों ने बरेली पुलिस की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: 90% से ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों की लगी कतार, जीडी इंटर कॉलेज में हुआ खास सम्मान



