मिर्जापुर में 2,200 छात्रों ने उठाए हाथ, लिया जिंदगीभर नशे से दूर रहने का संकल्प
मिर्जापुर के तीन विद्यालयों में 2,200 से अधिक विद्यार्थियों ने ब्रह्माकुमारीज के नशामुक्ति अभियान के तहत आजीवन नशे से दूर रहने की शपथ ली। युवाओं को आत्मबल और अनुशासन का संदेश दिया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः मिर्जापुर के स्कूलों में शनिवार को पढ़ाई के साथ एक ऐसा सबक भी दिया गया, जिसका असर पूरी जिंदगी रह सकता है। जिले के तीन विद्यालयों में 2,000 से अधिक विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। ब्रह्माकुमारीज के ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने हाथ उठाकर आजीवन नशामुक्त रहने की प्रतिज्ञा की।
तीन स्कूलों में पहुंचे 2,200 से ज्यादा विद्यार्थी
6 से 20 अगस्त तक चल रहे अभियान के तहत सेंट मैरी स्कूल, गुरु नानक इंटर कॉलेज और मिश्रीलाल इंटर कॉलेज, मवैया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजकों के मुताबिक तीनों संस्थानों में करीब 2,200 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सेंट मैरी स्कूल में लगभग 1,000, गुरु नानक इंटर कॉलेज में 700 से 800 और मिश्रीलाल इंटर कॉलेज में करीब 500 विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया।
युवाओं को बताया नशे से दूर रहने का महत्व
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज मिर्जापुर की सेवा केंद्र प्रभारी बीके बिंदु दीदी, बीके नीति बहन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह मरकाम ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। नशे से दूरी बनाकर ज्ञान, अनुशासन, श्रेष्ठ संस्कार और आत्मबल को जीवन का आधार बनाया जा सकता है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि नशामुक्ति सिर्फ एक प्रतिज्ञा नहीं, बल्कि सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की दिशा में कदम है।
राजयोग और आत्मबल से मजबूत बनाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राजयोग और आध्यात्मिक चिंतन के जरिए आत्मनियंत्रण तथा आत्मबल बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद बच्चों ने हाथ उठाकर जीवनभर नशे से दूर रहने की शपथ ली। आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाने के साथ उन्हें चरित्रवान, आत्मनिर्भर और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक बनाना है। स्कूलों में हुए इस अभियान ने विद्यार्थियों के बीच नशामुक्त जीवन को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: बरेली पुलिस के 14 अफसरों की चमकी किस्मत, CO विजय राणा को मिला राष्ट्रपति पदक



