कानपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर, स्टीमर से उतरे पुलिस कमिश्नर; जानिए क्यों बढ़ी सतर्कता

कानपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने स्टीमर से सरसैया घाट से अटल घाट तक निरीक्षण किया। जल पुलिस और NDRF को अलर्ट रखा गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः गंगा का जलस्तर बढ़ते ही कानपुर में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने स्टीमर से सरसैया घाट से अटल घाट तक गंगा नदी और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए और नदी किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

स्टीमर से घाटों और आसपास के इलाकों का जायजा

पुलिस कमिश्नर ने गंगा नदी में स्टीमर से भ्रमण कर सरसैया घाट से अटल घाट तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों की स्थिति और प्रशासन की तैयारियों को देखा। अधिकारियों को जलस्तर में लगातार बदलाव पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

नदी में जाने से बचने की अपील

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने लोगों से नदी के किनारे जाने और गहरे पानी में उतरने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की सलाह भी दी गई है।

जल पुलिस और NDRF अलर्ट

गंगा में जल पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। वहीं NDRF की टीमें भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस और राहत दलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस नदी किनारे बसे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और समय रहते जरूरी कदम उठाने पर है।

रिपोर्ट: प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में बारिश के बीच टूटा कहर, दो जगह दीवार गिरी; तीन जिंदगियां खत्म

Related Articles

Back to top button