150 बच्चों के बीच से अचानक गायब हुए तीन छात्र, नैमिषारण्य आश्रम में मचा हड़कंप
सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित नारदानंद आश्रम से तीन वेदपाठी छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आसपास के जिलों में तलाश शुरू की है।

सीतापुर। नैमिषारण्य के नारदानंद आश्रम से वेद शिक्षा ग्रहण कर रहे तीन नाबालिग छात्रों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। तीनों छात्र एक साथ आश्रम से निकले थे, लेकिन काफी समय बाद वापस नहीं लौटे। आश्रम प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और आसपास के जिलों में भी छात्रों की तलाश शुरू कर दी गई है।
तीनों छात्र एक साथ आश्रम से निकले
लापता छात्रों की पहचान हरदोई के अल्लीपुर निवासी 12 वर्षीय अनुकेश पुत्र सौरभ मिश्रा, अयोध्या के आसरेवा निवासी करीब 13 वर्षीय हिमांशु पांडेय पुत्र अवधेश पांडेय और लखनऊ के दुबग्गा रिंग रोड निवासी 11 वर्षीय आर्यन गुप्ता पुत्र धर्मेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों ने इसी वर्ष नारदानंद आश्रम के आवासीय गुरुकुल में दाखिला लिया था।
पुलिस के मुताबिक आश्रम प्रबंधन ने बताया कि तीनों छात्र एक साथ बाहर निकले, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
150 विद्यार्थियों में तीन के गायब होने से हड़कंप
आश्रम के आचार्य मोहित के अनुसार मंगल आरती के समय वेदपाठी छात्रों की गिनती की गई तो तीन बच्चे अनुपस्थित मिले। नारदानंद आश्रम के गुरुकुल में करीब 150 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। तीन छात्रों के एक साथ गायब होने की जानकारी मिलते ही प्रबंधन और परिवारों में चिंता बढ़ गई।
लखनऊ समेत आसपास के जिलों में तलाश
थाना प्रभारी निरीक्षक नवनीत मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजनों को सूचित किया गया है। नैमिषारण्य क्षेत्र हरदोई सीमा के करीब होने के कारण आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना भेजी गई है। छात्रों की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम लखनऊ भी भेजी गई है। फिलहाल तीनों के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस विभिन्न संभावनाओं को ध्यान में रखकर तलाश कर रही है।
रिपोर्ट – वाली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: गांधी प्रतिमा के पास कूड़ा और अतिक्रमण से भड़के लोग, तहसील पहुंचकर दिया ज्ञापन



