टल सकता है भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा!

- बीसीबी की उम्मीदों को लग सकता है झटका, सितंबर में होनी है सीरीज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। बांग्लादेश को बीसीसीआई एक बार फिर तगड़ा झटका दे सकता है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने इस बात के संकेत दिए हैं कि भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा एक बार फिर टल सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, तमीम का कहना है कि सीरीज को लेकर फिलहाल बीसीबी और बीसीसीआई के बीच बातचीत जारी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, भारत को पिछले साल अगस्त में बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन इसे सितंबर 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया गया था।
बीसीबी ने जनवरी में बताया था कि भारतीय टीम ढाका और चट्टोग्राम में तीन वनडे और इतने ही टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। हालांकि, इस दौरे को लेकर अब तक बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, पहला वनडे तीन सितंबर से होना है। लेकिन इससे दो सप्ताह पहले तक इस बात पर संशय बना हुआ है कि सीरीज होगी भी या नहीं। तमीम ने कहा कि कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव हो सकता है। तमीम ने कहा, दोनों क्रिकेट बोर्ड इस सीरीज को लेकर चर्चा कर रहे हैं। इसकी तारीख में कुछ बदलाव हो सकता है। यह टूर्नामेंट मीरपुर में होना है, लेकिन इसे दो मिनट में बासुंधरा ग्राउंड में शिफ्ट किया जा सकता है। अगर भारत का दौरा फाइनल होता है तो हम उस हिसाब से शेड्यूल रखेंगे। भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में उस समय खटास पैदा हो गई जब कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुस्तफिज़ुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया। इसके बाद अमीनुल इस्लाम की अगुआई वाली बीसीबी ने टी20 विश्व कप के लिए टीम भेजने से इनकार कर दिया, जिसकी सह-मेजबानी भारत ने की थी।
जो रूट ने की सचिन के टेस्ट में अर्धशतकों की बराबरी
लीड्स। इंग्लैंड के नवनियुक्त टेस्ट कप्तान जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में शानदार बल्लेबाजी की। रूट ने लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर का 68वां अर्धशतक लगाया। रूट ने इसके साथ ही टेस्ट में सर्वाधिक बार अर्धशतक लगाने के मामले में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। रूट अब सचिन के साथ टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। सचिन ने भी अपने करियर में 68 टेस्ट अर्धशतक लगाए थे। यानी रूट अगर एक भी अर्धशतक और लगा देते हैं तो वह इस मामले में सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल 66 अर्धशतक के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर और पूर्व भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने टेस्ट में 63 अर्धशतक लगाए हैं।



