बिजली-पानी और खाने की बदहाली से भड़के छात्र, डीएम पहुंचे तो खुद परखी स्कूल की व्यवस्था
सीतापुर के जवाहर नवोदय विद्यालय में बिजली, पानी, भोजन और खेल मैदान की बदहाली से नाराज छात्रों ने प्रदर्शन किया। डीएम राजा गणपति आर. ने पहुंचकर समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सीतापुर के ऐलिया विकासखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा खुलकर सामने आया। खेल मैदान, बिजली, पेयजल और भोजन की व्यवस्था से नाराज छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया और खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया। विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी से सीधे बातचीत की मांग रखी। स्थिति की जानकारी मिलने पर डीएम राजा गणपति आर. विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर समस्याएं सुनीं।
सुविधाओं को लेकर भड़के छात्र, कमरों में खुद को किया बंद
हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों ने खेल मैदान के साथ बिजली, पानी और भोजन की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। मांगों पर तत्काल कार्रवाई न होने से कई छात्र-छात्राएं हॉस्टल के कमरों में बंद हो गए। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तो छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान एक छात्र के कथित बयान से कुछ समय के लिए परिसर में तनाव और अफरातफरी का माहौल बन गया।
डीएम ने छात्रों से की सीधी बातचीत, खुद परखी व्यवस्थाएं
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय पहुंचे जिलाधिकारी राजा गणपति आर. ने नाराज विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था देखने के साथ अलग-अलग कक्षाओं में जाकर बिजली की स्थिति परखी। रसोईघर में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की और रसोइयों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा निर्धारित यूनिफॉर्म में रहने के निर्देश दिए।
लाइब्रेरी और शिक्षकों के साथ बैठक में भी दिए निर्देश
डीएम ने लाइब्रेरी पहुंचकर छात्रों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्रों से उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और शिक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। काफी देर तक चली बातचीत के बाद विद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य हुई। मौके पर सीओ महोली नागेंद्र चौबे, थाना प्रभारी आशीष तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले बदायूं में बड़ा सुरक्षा प्लान, डीएम-एसएसपी ने कछला घाट पर परखी तैयारियां



