‘जीरो एक्सीडेंट’ का लक्ष्य, कछला घाट पर पुलिस ने तैयार किया ऐसा सुरक्षा प्लान
बदायूं के कछला घाट पर कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी और पार्किंग, बैरिकेडिंग व सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बदायूं में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य यात्रा को ‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ के साथ संपन्न कराना है।
घाट पर सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक जांच
एएसपी ने कछला घाट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और घाट पर सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत रखी जाए।
संभावित भीड़ को देखते हुए कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
यातायात व्यवस्था के तहत कछला की ओर से बाईपास के नवनिर्मित हाईवे पर दोपहिया वाहन उझानी की तरफ जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सोरों की ओर डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रभारी निरीक्षक उझानी और यातायात निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि कोई वाहन अनधिकृत रूप से पुल या घाट की ओर न जाने पाए।
‘लापरवाही किसी स्तर पर स्वीकार नहीं’
एएसपी अभिषेक कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह और कछला चौकी प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट -संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: 8 साल से नहीं सुलझा गोरखपुर स्टेशन रोड का जाम, रोडवेज बसों पर उठे बड़े सवाल



