उन्नाव: भाई की हरकत का विरोध करना पड़ा भारी, गुस्से में उठाया हसिया और कर दिया कत्ल
उन्नाव के पुरवा में पत्नी को गाली देने से रोकने पर सगे भाई ने युवक पर हसिया से हमला कर दिया। गंभीर घायल दिलीप की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के पुरवा क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी को गाली देने से रोकने पर एक युवक ने अपने ही सगे भाई पर धारदार हसिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव और परिवार में मातम का माहौल है।
पत्नी को गाली देने पर हुआ विवाद
मामला पुरवा कोतवाली क्षेत्र के काजीखेड़ा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय दिलीप की पत्नी माधुरी को उसका सगा भाई केशन कथित तौर पर गाली दे रहा था। दिलीप ने इसका विरोध किया तो दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान केशन ने घास काटने वाले धारदार हसिया से दिलीप पर हमला कर दिया। वार लगने से दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
परिजन घायल दिलीप को आनन-फानन में उपचार के लिए सीएचसी पुरवा लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पति की मौत के बाद माधुरी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है।
सूचना मिलते ही पुरवा सीओ अरविंद चौरसिया और थाना प्रभारी भवन सिंह मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई का इंतजार
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की शुरुआत कैसे हुई और हमले के पीछे अन्य कोई कारण था या नहीं, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: जेल से सिर्फ 103 फीट दूर हाईराइज! निर्माण पर उठे सवाल, डीएम-एसएसपी के सामने बढ़ी चुनौती



