चिराग के विधायक और नीतीश के सांसद के घर पुलिस रेड! हथियार बरामद होने से बढ़ी हलचल
JDU सांसद गिरिधारी यादव के पैतृक आवास समेत 3 ठिकानों पर भी पुलिस ने छापेमारी की. छापेमारी से नाराज सांसद ने कहा कि कार्रवाई बिना सर्च वारंट के की गई, इस वजह से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क:JDU सांसद गिरिधारी यादव के पैतृक आवास समेत 3 ठिकानों पर भी पुलिस ने छापेमारी की. छापेमारी से नाराज सांसद ने कहा कि कार्रवाई बिना सर्च वारंट के की गई, इस वजह से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है.
बिहार में आपराधिक मामलों की जांच के बीच पुलिस ने बेलसंड से चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (LJP-R) के विधायक अमित रानू और बांका से नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के सांसद गिरिधारी यादव से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की. दोनों मामलों में पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है. जेडीयू सांसद ने अपने यहां हुई छापेमारी को लेकर सवाल उठाया.
मुजफ्फरपुर के अहियापुर के झपहां इलाके में 50 से अधिक लोगों के घरों और जमीन पर बने निर्माण को तोड़े जाने के मामले में पुलिस ने अमित रानू के बैरिया स्थित घर और बेलसंड स्थित कार्यालय-सह-आवास पर छापा मारा. तलाशी के दौरान ऑटोमेटिक पिस्टल, 2 मैगजीन और 9 कारतूस बरामद किए गए.
छापेमारी में 2 संदिग्ध गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 2 संदिग्धों नवीन कुमार उर्फ नन्हे और छोटू यादव को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक विधायक के भाई सोनू सिंह उर्फ अभिनव को भी मामले में नामजद किया गया है और विधायक की भूमिका की जांच की जा रही है.
JDU सांसद के ठिकानों की तलाशी
इसी तरह बांका में राज्य में एनडीए सरकार में सहयोगी JDU सांसद गिरिधारी यादव के पैतृक आवास समेत 3 ठिकानों पर भी पुलिस ने शनिवार देर रात छापेमारी की.
छापेमारी के बाद अगले दिन सांसद ने आरोप लगाया कि कार्रवाई बिना सर्च वारंट के की गई और इस कार्रवाई को उन्होंने अपनी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला बताया. साथ ही लोकतंत्र की हत्या करार दिया.
सांसद का कहना है कि देर रात साढ़े 11 बजे के करीब पुलिस उनके देवघर और चांदन स्थित घर पर छापेमारी के लिए पहुंची. साथ ही उनके पैतृक गांव स्थित घर पर भी छापेमारी की गई.
हालांकि पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई सांसद को निशाना बनाकर नहीं, बल्कि ओढ़नी डैम के पास अवैध मिट्टी खनन मामले में आरोपी लालधारी यादव की गिरफ्तारी के लिए की गई थी. लालधारी यादव सांसद के छोटे भाई हैं.
पुलिस ने कार्रवाई को नियमानुसार बताया है. एसपी अमितेश कुमार का कहना है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं. पुलिस की टीम छापेमारी के लिए नहीं गई थी. पुलिस अपराधी लालधारी की तलाश में गई थी.



