नागपुर में गूंजेगी छात्रों की आवाज? राहुल गांधी के अगले कार्यक्रम पर सबकी नजर
राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत देशभर में छात्र संवाद कर रहे हैं. पुणे में आयोजन के बाद अब नागपुर में इसकी तैयारी है. इसके पीछे BJP-RSS पर सियासी हमला करने की रणनीति भी है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत देशभर में छात्र संवाद कर रहे हैं. पुणे में आयोजन के बाद अब नागपुर में इसकी तैयारी है. इसके पीछे BJP-RSS पर सियासी हमला करने की रणनीति भी है.
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर के अलग अलग शहरों में ‘छात्रों की गूंज’ (Chhatron Ki Goonj) कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं.
यह एक छात्र संवाद कार्यक्रम है, जिसमें पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं, बेरोजगारी जैसे मुद्दों के खिलाफ छात्रों की आवाज़ उठाने के लिए आयोजित किया जा रहा है. हाल ही में इसका आयोजन महाराष्ट्र के पुणे में किया गया था, वहीं अब खबर है कि अगला आयोजन नागपुर में हो सकता है.
सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी से गुजारिश की गई है कि वो अगला छात्रों की गूंज का कार्यक्रम नागपुर में करें. हालांकि कार्यक्रम कब और किस तारीख में होगा फिलहाल यह तय नहीं हुआ है. कार्यक्रम के विवरण पर चर्चा करने के लिए जल्द ही स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों की एक समन्वय बैठक आयोजित होने की संभावना है.
पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ का आयोजन
महाराष्ट्र कांग्रेस की यह मांग राहुल गांधी द्वारा 22 अगस्त को पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ के बाद सामने आई है. जहां इस कार्यक्रम का चौथा संस्करण आयोजित किया था.
इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने महिलाओं की स्वतंत्रता और शिक्षा से लेकर आदिवासी छात्रों की चिंताओं तक के मुद्दों पर छात्रों से बातचीत की थी. पार्टी के मुताबिक यह कार्यक्रम बेहद सफल रहा. सोशल मीडिया पर कार्यक्रम के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं.
नागपुर में कार्यक्रम की तैयारी
इसके साथ ही कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे. पार्टी नेताओं के मुताबिक, राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में छात्र संवाद के लिए पुणे, नागपुर और लातूर को चुना है.
इनमें पुणे में पहले चरण का कार्यक्रम हो चुका है, जबकि नागपुर और लातूर को लेकर अभी तारीखों का इंतजार है. कार्यक्रम के चार चरण पूरे हो चुके हैं, जिनमें चौथा चरण पुणे में आयोजित किया गया था. अब नागपुर में कार्यक्रम की तैयारी है.
पुणे में RSS-बीजेपी पर हमला
दरअसल इसके पीछे सियासत का तड़का भी है. हाल में राहुल ने महाराष्ट्र के पुणे में मनुस्मृति के ज़रिए बीजेपी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, RSS और संघ प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधा था. ऐसे में RSS -बीजेपी पर सियासी हमला बढ़ाने के लिए नागपुर में छात्रों की गूंज का कार्यक्रम करने की सलाह दी गई है.
नागपुर में ही RSS का मुख्यालय भी और इसे बीजेपी का गढ़ भी माना जाता है है. ऐसे में राहुल तमाम मसलों पर सियासी हमले कर सकते हैं. हालांकि, अभी तक राहुल गांधी के दफ्तर ने इस कार्यक्रम के लिए तारीख को अंतिम रूप नहीं दिया है.



