नशे के खिलाफ जंग में खेल मैदान बनेंगे ताकत, 3100 ग्रामीण मैदान होंगे आधुनिक सुविधाओं से लैस
भगवंत मान ने कहा कि 1,500 करोड़ रुपये के बजट से पूरे पंजाब में आधुनिक सुविधाओं से लैस 3,100 ग्रामीण खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं. ये मैदान युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान को और भी आगे बढ़ाएंगे.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भगवंत मान ने कहा कि 1,500 करोड़ रुपये के बजट से पूरे पंजाब में आधुनिक सुविधाओं से लैस 3,100 ग्रामीण खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं. ये मैदान युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान को और भी आगे बढ़ाएंगे.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 509 से अधिक आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन करके खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है.
इसी के साथ अब तक खेल के मैदानों की कुल संख्या 734 हो गई है. उन्होंने कहा कि यह पहल गांवों के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी और नशों से दूर रहने तथा खेलों से जुड़ने के संदेश को प्रोत्साहित करते हुए नशों के खिलाफ सरकार की लड़ाई को और मजबूत करेगी.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार इस वर्ष पंजाब भर में 1,744 करोड़ रुपये के खेल बजट से 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित कर रही है, जिसमें विशेष रूप से इन मैदानों के लिए 1,500 करोड़ रुपये रखे गए हैं. इसके साथ ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं तैयारी के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के अलावा गांवों में 6,000 जिम स्थापित करने का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है.
जमीनी स्तर पर विश्वस्तरीय सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि “खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और जमीनी स्तर पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंजाब स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि पहले चरण में 255 ग्रामीण खेल मैदान समर्पित करने के बाद आज हम 509 और ग्रामीण खेल मैदान लोगों को समर्पित कर रहे हैं.”
उन्होंने बताया कि “दूसरे चरण में समर्पित किए जा रहे 509 ग्रामीण खेल मैदानों में से 43 लुधियाना, 41 मानसा, 36 संगरूर, 34-34 बठिंडा और पटियाला, 33 श्री मुक्तसर साहिब, 32 अमृतसर में तथा बाकी अन्य जिलों के गांवों को समर्पित किए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेल मैदानों में फुटबॉल के गोलपोस्ट, वॉलीबॉल के पोल, बच्चों के लिए झूले और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा, “प्रत्येक गांव में लोकप्रिय खेल के अनुसार खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है. यदि किसी विशेष गांव में क्रिकेट लोकप्रिय है, तो वहां विशेष रूप से क्रिकेट किट उपलब्ध करवाने के साथ-साथ अन्य लोकप्रिय खेलों की आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी.”
खेल पंजाब की गौरवशाली विरासत
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल पंजाब की गौरवशाली विरासत और समृद्ध संस्कृति का अभिन्न अंग हैं. उन्होंने कहा, “2023 में नई खेल नीति लाई गई थी, जिसके तहत खेल बजट में वृद्धि की गई है और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं तैयारी के लिए नकद पुरस्कार तथा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है.
पंजाब के इतिहास में पहली बार खेलों के लिए 1,744 करोड़ रुपये का समर्पित बजट आवंटित किया गया है.” उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई है.इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद और डॉ. बलबीर सिंह भी उपस्थित थे.



