महमूदाबाद: अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कार्रवाई से हड़कंप, मशीन सीज कर स्वास्थ्य विभाग ने खंगाले रिकॉर्ड
सीतापुर के महमूदाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने जांच में खामियां मिलने पर एक डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन बंद कराया और अल्ट्रासाउंड मशीन सीज कर दी। अन्य सेंटरों के रिकॉर्ड भी जांचे गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर सोमवार को महमूदाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई। डीएम के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई में बिसवां रोड स्थित एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में दस्तावेज और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से जुड़ी खामियां मिलने पर उसका संचालन तत्काल बंद करा दिया गया। विभाग ने सेंटर में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन को भी सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान अन्य केंद्रों के रिकॉर्ड भी जांचे गए।
लाइसेंस हटने की जानकारी पर हुई कार्रवाई
सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. गंगवार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एवन डायग्नोस्टिक सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि सेंटर से संबद्ध पैथोलॉजिस्ट चिकित्सक अपना लाइसेंस वहां से हटा चुके हैं।
इसके बाद विभाग ने सेंटर का संचालन बंद कराया और वहां स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर दिया। अधिकारियों ने सेंटर में उपलब्ध जांच सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की।
दूसरे सेंटर के अभिलेख मिले दुरुस्त
कार्रवाई के क्रम में टीम ने समाधान डायग्नोस्टिक सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां जांच सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, अल्ट्रासाउंड संचालन और संबंधित चिकित्सकों की पात्रता से जुड़े अभिलेख खंगाले गए। विभाग के मुताबिक, जांच के दौरान वहां व्यवस्थाएं और रिकॉर्ड ठीक पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में नियमों के पालन और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई से झोलाछापों में मचा हड़कंप
महमूदाबाद क्षेत्र में मरीजों से कथित तौर पर अनावश्यक वसूली और शोषण की शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने निरीक्षण को गंभीरता से लिया है। एक ही दिन में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप की स्थिति रही।
बताया गया कि छापेमारी के दौरान कई झोलाछाप अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए। विभागीय टीम ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: आग, भूकंप या बाढ़… संकट की घड़ी में ऐसे बचाएं जान, गोरखपुर में हुई खास ट्रेनिंग



