भारत-थाई सैनिकों का शक्ति प्रदर्शन, मैत्री-XV अभ्यास में दिखा जबरदस्त युद्ध कौशल
भारत-थाईलैंड का संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मैत्री-XV' थाईलैंड में जारी है. दोनों देशों की सेनाएं युद्ध कौशल, ऑपरेशनल अनुभव और आतंकवाद-रोधी तकनीकें साझा कर रही हैं. इसमें 85-85 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: भारत-थाईलैंड का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री-XV’ थाईलैंड में जारी है. दोनों देशों की सेनाएं युद्ध कौशल, ऑपरेशनल अनुभव और आतंकवाद-रोधी तकनीकें साझा कर रही हैं. इसमें 85-85 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं.
थाईलैंड में चल रहे भारत-थाईलैंड संयुक्त सैन्य अभ्यास मैत्री-XV के दौरान दोनों देशों की सेनाओं ने युद्ध कौशल और ऑपरेशनल अनुभव साझा किए. अभ्यास के मौजूदा चरण में भारतीय सेना और रॉयल थाई आर्मी के जवानों ने एक-दूसरे की सैन्य परंपराओं और लड़ाकू क्षमताओं को करीब से जाना.
अभ्यास का सबसे खास आकर्षण मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण रहा। रॉयल थाई आर्मी ने अपने पारंपरिक मुआय थाई युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि भारतीय सेना ने आर्मी मार्शल आर्ट्स रूटीन (AMAR) का प्रदर्शन किया. AMAR भारतीय सेना की क्लोज-कॉम्बैट और आत्मरक्षा प्रणाली है. इस दौरान दोनों सेनाओं की शारीरिक क्षमता, अनुशासन और युद्धक तैयारी की झलक देखने को मिली.
अलग-अलग तकनीकों का प्रदर्शन
भारतीय सेना के जवानों ने मोबाइल व्हीकल चेक पोस्ट ड्रिल, कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन और रूम इंटरवेंशन तकनीकों का भी प्रदर्शन किया. इन गतिविधियों का उद्देश्य समन्वित कार्रवाई, सामरिक सटीकता, परिस्थितियों की बेहतर समझ और अर्ध-शहरी इलाकों में प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है.
सुरक्षित तरीके से निपटने की प्रक्रिया
अभ्यास के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की पहचान और काउंटर-आईईडी उपायों पर भी संयुक्त प्रशिक्षण दिया गया. इससे दोनों सेनाओं को संभावित खतरों की पहचान और उनसे सुरक्षित तरीके से निपटने की प्रक्रियाओं को साझा करने का अवसर मिला.
मैत्री-XV का 15वां संस्करण
मैत्री-XV का 15वां संस्करण 18 से 31 अगस्त 2026 तक थाईलैंड के सुरत थानी स्थित विभावदी रंगसिट कैंप में आयोजित किया जा रहा है. इस अभ्यास में भारतीय सेना और रॉयल थाई आर्मी के 85-85 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं.भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व 9 गोरखा राइफल्स और थाई सेना का प्रतिनिधित्व 3rd Battalion, 25th Infantry Brigade कर रही है.
संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य
इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य आतंकवाद-रोधी और विद्रोह-रोधी अभियानों में दोनों सेनाओं के बीच तालमेल, आपसी समझ और सैन्य सहयोग को मजबूत करना है. अभ्यास का उद्घाटन रॉयल थाई आर्मी के 4th आर्मी एरिया के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नोराथिप फोयनोक की मौजूदगी में हुआ था.



