गोरखपुर के ब्लाइंड स्कूल में छात्र की मौत, CCTV फुटेज ने खड़े किए कई सवाल
गोरखपुर के ब्लाइंड स्कूल के बाथरूम में कक्षा आठ के छात्र का शव मिला। सीसीटीवी में छात्र अकेले जाते दिखा। पुलिस मोबाइल और फुटेज की जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के लालडिग्गी स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बॉयज इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा आठ के छात्र अनूप कुमार (18) का शव स्कूल के बाथरूम में गमछे के सहारे लटका मिला। छात्र लंबे समय से विद्यालय की आवासीय व्यवस्था में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रात में बाथरूम गया था छात्र, सुबह मिला शव
पुलिस के अनुसार, अनूप मंगलवार रात करीब 10 बजे गमछा और बाल्टी लेकर बाथरूम की ओर गया था। सुबह सफाईकर्मी विनोद ने काफी देर तक दरवाजा बंद देखा। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। खोलने पर छात्र का शव कुंडी से गमछे के सहारे लटका मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पैनल से पोस्टमार्टम और वीडियोग्राफी कराने का निर्णय लिया गया है।
सीसीटीवी में अकेले जाता दिखा, मोबाइल भी जांच के घेरे में
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें अनूप अकेले बाथरूम की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। कॉल डिटेल और उसमें मौजूद अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। स्कूल के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों से भी पूछताछ हो रही है।
पिता ने स्कूल पहुंचकर देखी सीसीटीवी फुटेज
अनूप देवरिया के रामगुलाम टोला का रहने वाला था और वर्ष 2019 से स्कूल की आवासीय व्यवस्था में रह रहा था। घटना की सूचना पर पिता रामआसरे रिश्तेदारों के साथ विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन से जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी देखी।
एसपी सिटी निमिष पाटील और एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: दवा लेने निकला था परिवार, रास्ते में मौत ने मारी टक्कर; युवक की गई जान



