मवेशी चराने निकला किसान छह दिन से था लापता, केन नदी में मिला शव तो मचा कोहराम

बांदा में मवेशी चराने गए 55 वर्षीय किसान भगवानदीन निषाद छह दिन बाद केन नदी में मृत मिले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बांदा में मवेशी चराने घर से निकले 55 वर्षीय किसान भगवानदीन निषाद की तलाश छह दिन बाद एक दर्दनाक खबर के साथ खत्म हुई। बुधवार सुबह उनका शव पैलानी क्षेत्र के नरी गांव के पास केन नदी में उतराता मिला। पहचान होते ही परिवार में मातम पसर गया। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सके।

मवेशी चराने निकले थे भगवानदीन, फिर नहीं लौटे

भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर मौहर गांव निवासी भगवानदीन निषाद मवेशी चराने के लिए चंद्रावल नदी किनारे गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में सुमेरपुर थाने में इसकी सूचना दी गई। लगातार छह दिन तक तलाश के बाद बुधवार सुबह पैलानी थाना क्षेत्र के नरी गांव के पास ग्रामीणों की नजर केन नदी में उतराते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राममोहन राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

फील्ड यूनिट ने की जांच, परिजनों ने की पहचान

पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई। सूचना मिलने पर भगवानदीन के परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भगवानदीन की मौत की खबर मिलते ही पत्नी राधारानी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो बेटे रामबाबू और ओमप्रकाश हैं, जो दिव्यांग बताए गए हैं।

दो बीघा जमीन से चलता था परिवार का गुजारा

परिजनों के मुताबिक भगवानदीन के पास करीब दो बीघा जमीन थी। खेती के साथ मजदूरी करके वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: आपका डेटा कौन और कैसे इस्तेमाल कर रहा है? AI ने बढ़ाई निजता की चिंता

Related Articles

Back to top button