महुआ मोइत्रा के समर्थन में आए दो और विपक्ष के सांसद

- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से जांच की मांग
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा से पश्चिम बंगाल में देर रात सर्किट हाउस खाली करने के लिए कथित तौर पर कहे जाने को लेकर दो और विपक्षी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की मांग की है। कांग्रेस सांसद के. सुरेश और आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने 14 अगस्त की इस घटना को लेकर बिरला को पत्र लिखा है।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सुप्रिया सुले, शिवसेना (उबाठा) के अरविंद सावंत और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सांसद के. राधाकृष्णन भी बिरला को पत्र लिखकर मामले की जांच और इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। मोइत्रा ने इस घटना को लेकर नादिया के जिलाधिकारी श्रीकांत पल्ली, अतिरिक्त जिलाधिकारी नृपेंद्र सिंह और नाजरेथ के उपजिलाधिकारी अनामिका बेरा के खिलाफ अलग से विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया है।


