गहरी हताशा और निराशा की वजह हुआ गाली-गलौज: सैम पित्रोदा

- पीएम के खिलाफ अभद्र भाषा पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन बचाव में उतरे
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने दिल्ली में हाल ही में हुए सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले युवा प्रदर्शनकारियों का खुलकर बचाव किया है। पित्रोदा ने कहा कि भले ही युवाओं की भाषा आपत्तिजनक लगे, लेकिन इसे उनकी गहरी हताशा और निराशा के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। आपको इसे छात्रों के नजरिए से देखना होगा। बेशक, प्रधानमंत्री का नजरिया एक विशेषाधिकार है। मैं उसे कम नहीं आंक रहा हूं। मैं प्रधानमंत्री का अपमान नहीं करना चाहता क्योंकि वह देश के प्रधानमंत्री हैं।
लेकिन अगर कोई अपमान करता है और ऐसी बातें कहता है, तो वह सचमुच बहुत परेशान होगा। लोग ये चीजें फैशन के लिए नहीं करते। वे निराशा में ऐसा करते हैं। उन्होंने आगे कहा, गाली-गलौज ठीक है, ये हमारे बच्चे हैं। अब कहीं-कहीं थोड़ी-बहुत गाली-गलौज हो सकती है। मुझे यह पसंद नहीं है, लेकिन यह ठीक है। ये हमारे बच्चे हैं। अमेरिका में रहने वाले टेक्नोक्रेट नेता ने अपने एक लेख का उदाहरण देते हुए कहा कि युवा थोड़ी कीचड़ उछाल सकते हैं, लेकिन अहम बात उनकी बात सुनना है। उन्होंने कहा, मैंने अखबार में भारत में मॉनसून के मौसम के बारे में एक लेख लिखा था। यह भारतीय मॉनसून है जहां भारी बारिश हो रही है, और यह अपने साथ कुछ कीचड़ भी लाएगा – यही वह रूपक है। युवा थोड़ी कीचड़ उछाल सकते हैं, जो ठीक है, पूरी तरह से स्वीकार्य है, आप जानते हैं, लेकिन हमें उनकी बात सुननी होगी क्योंकि उनका भविष्य दांव पर है।



