गंगा के बढ़ते जलस्तर से मिर्जापुर में दहशत, विंध्याचल की पैड़ी पानी में डूबी
मिर्जापुर में गंगा का जलस्तर 73.68 मीटर पहुंच गया है और पानी 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ रहा है। प्रशासन ने 37 बाढ़ चौकियां सक्रिय कर तटवर्ती इलाकों में अलर्ट बढ़ाया।

मिर्जापुर में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती इलाकों की चिंता बढ़ा दी है। सिंचाई विभाग के मुताबिक नदी करीब 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। पानी बढ़ने के साथ ही प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है और जिले की सभी 37 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। विंध्याचल में निर्माणाधीन विंध्य की पैड़ी भी गंगा के पानी में पूरी तरह डूब गई है।
6 सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ रहा गंगा का पानी
सिंचाई विभाग के अनुसार मिर्जापुर में गंगा का जलस्तर 73.68 मीटर दर्ज किया गया है। जिले में चेतावनी बिंदु 76.724 मीटर और खतरे का निशान 77.724 मीटर निर्धारित है। हालांकि मौजूदा जलस्तर अभी चेतावनी बिंदु से नीचे है, लेकिन पानी में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने तटवर्ती क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है।
गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग ने तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को नदी के आसपास जाने से बचने और प्रशासन की सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।
विंध्याचल की निर्माणाधीन पैड़ी पानी में डूबी
बढ़ते जलस्तर का असर विंध्याचल में भी दिखाई देने लगा है। यहां निर्माणाधीन विंध्य की पैड़ी गंगा के पानी में पूरी तरह डूब गई है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी कर रहा है।
पूर्वांचल में वाराणसी, प्रयागराज, भदोही, चंदौली, गाजीपुर और बलिया समेत गंगा किनारे बसे क्षेत्रों में भी जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
37 बाढ़ चौकियां सक्रिय, डीएम कर रहे निगरानी
मिर्जापुर प्रशासन ने जिले की 37 बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तटवर्ती और संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता तटवर्ती आबादी को समय रहते सतर्क करना और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव व्यवस्था को सक्रिय रखना है। गंगा के जलस्तर में आगे होने वाली बढ़ोतरी पर प्रशासन और सिंचाई विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: ‘स्पेन आ गया हूं…’ चंद्रशेखर आजाद के बयान से गोरखपुर की सियासत गरम


