सड़क बनी लेकिन 110 मीटर हिस्सा छोड़ दिया! गोरखपुर में क्यों भड़का मोहल्लेवासियों का गुस्सा

गोरखपुर के बिछिया स्थित सर्वोदय नगर में सड़क-नाली निर्माण का करीब 110 मीटर हिस्सा छूटने से लोग नाराज हैं। पार्षद ने नगर आयुक्त से निर्माण की मांग की है। मेयर ने बजट का भरोसा दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर के सर्वोदय नगर, बिछिया में सड़क निर्माण के बीच करीब 110 मीटर हिस्सा छूट जाने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वार्ड नंबर 23 शहीद शिव सिंह छेत्री नगर में हनुमान मंदिर के सामने से जुड़े इस हिस्से में सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने पर मोहल्लेवासियों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि इससे आवागमन के साथ जल निकासी की समस्या भी बनी हुई है।

स्वीकृति के बावजूद छूटा 110 मीटर हिस्सा

वार्ड नंबर 23 के पार्षद चन्द्रभान प्रजापति ने मामले को लेकर नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। पार्षद के अनुसार, जंगल तुलसीराम पूर्वी में हनुमान मंदिर से विनय द्विवेदी के मकान तक सीसी गली और सीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति 12 जून 2026 को कार्यकारी बैठक में हो चुकी है।

इसके बावजूद संतोष विश्वकर्मा के मकान से रामलखन के मकान तक करीब 110 मीटर सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया गया। पार्षद ने इसे जनहित का जरूरी कार्य बताते हुए आगे निर्माण की मांग की है।

सड़क के साथ जल निकासी की भी समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण का हिस्सा छूटने से आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं नाली का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश के दौरान जल निकासी को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

लोगों का सवाल है कि जब सड़क निर्माण स्वीकृत था तो पूरे हिस्से को शामिल क्यों नहीं किया गया। मोहल्लेवासियों ने छूटे हुए हिस्से में जल्द काम शुरू कराने की मांग की है।

मेयर ने दिया बजट स्वीकृति का भरोसा

पार्षद ने नगर आयुक्त से सक्षम अधिकारी के माध्यम से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराने और सड़क-नाली निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया है।

मामले में मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने पार्षद को भरोसा दिया है कि मांग पत्र पर विचार कर जल्द सड़क और नाली निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया जाएगा। अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि छूटे 110 मीटर हिस्से में भी जल्द निर्माण शुरू होगा।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: तीन महीने पहले हुई थी शादी, फिर रात में हुआ विवाद और युवक ने उठा लिया खौफनाक कदम

Related Articles

Back to top button