UP Teachers के लिए स्पेशल TET की तैयारी तेज, सिलेबस जारी; परीक्षा में नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग

उत्तर प्रदेश में 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल TET का रास्ता साफ हो गया है. UPESSC जल्द ही स्पेशल TET की तारीख का ऐलान करेगा. दिसंबर 2026 से पहले स्पेशल TET का आयोजन कराने की तैयारी है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश में 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल TET का रास्ता साफ हो गया है. UPESSC जल्द ही स्पेशल TET की तारीख का ऐलान करेगा. दिसंबर 2026 से पहले स्पेशल TET का आयोजन कराने की तैयारी है.

उत्तर प्रदेश के नॉन टीचर TET पास शिक्षकों के लिए बड़ा अपडेट है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में ऐसे शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य कर दिया था. ऐसा ना करने पर ऐसे शिक्षकों की नौकरी और प्रमोशन पर संकट मंडराया हुआ था. ऐसे शिक्षकों को यूपी सरकार बड़ी राहत देने जा रही है.

यूपी सरकार नॉन TET शिक्षकों के लिए स्पेशल TET आयोजित करने जा रही है. प्रदेश सरकार ने स्पेशल टीईटी कराने की कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है. अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) जल्द ही इसका विज्ञापन जारी कर परीक्षा की तारीख घोषित करेगा. माना जा रहा है कि दिसंबर से पहले स्पेशल TET आयोजित की जाएगी. वहीं UPESSC ने स्पेशल TET का पैटर्न और सिलेबस भी जारी किया है.

यूपी में आयोजित होने जा रहे स्पेशल TET का पैटर्न और सिलेबस क्या है. जानते हैं कि कब तक शिक्षकों को TET पास करना है. जानते हैं कि ऐसे कितने शिक्षक यूपी में हैं.

62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल TET?

यूपी सरकार की कार्ययोजना के मुताबिक प्रदेश में करीब 56,818 कार्यरत शिक्षकों के लिए स्पेशल TET आयोजित किया जाना है. वहीं व्यापक तौर पर यह संख्या करीब 62 हजार बताई जा रही है. हालांकि यूपी में ऐसे शिक्षकों की संख्य डेढ़ लाख के करीब थी, लेकिन बीते दिनों UP TET 2026 में ऐसे तकरीबन86 हजार शिक्षक सफल हुए हैं, जिसके बाद बचे हुए 62 हजार शिक्षकों के लिए स्पेशल TET आयोजित कराने की तैयारी है.

SC का आदेश, 31 अगस्त तक शिक्षकों को पास करना है TET

सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक फैसले में पहले से पढ़ा रहे सभी शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य कर दिया है. ये फैसला देशभर के शिक्षकों के लिए लागू है. SC के फैसले के तहत शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक TET पास करना होगा. इसी के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने ऐसे शिक्षकों के लिए अलग से विशेष TET कराने का फैसला किया है, ताकि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को परीक्षा पास करने का एक विशेष अवसर मिल सके.

स्पेशल TET में पूछे जाएंगे 150 सवाल, नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी

UPESSC ने स्पेशल TET का पैटर्न और सिलेबस भी जारी किया है, जिसके तहत स्पेशल TET 2.30 घंटे की आयोजित की जाएगी. तो वहीं स्पेशल TET के पेपर में कुल 150 सवाल पूछे जाएंगे. प्रत्येक सवाल के लिए एक नंबर निर्धारित किया गया है. इस तरह स्पेशल TET का पेपर 150 नंबर का होगा. गलत जवाब देने में कोई नंबर नहीं कटेगा. नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी. परीक्षा में भाषा से जुड़े विषयों को छोड़कर प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध रहेगा.

स्पेशल TET में कितने नंबरों में होंगे पास?

स्पेशल TET के लिए निर्धारित पासिंग क्राइटेरिया की बात करें तो सामान्य वर्ग के शिक्षकों को 150 में से कम से कम 90 नंबर यानी 60 फीसदी हासिल करने होंगे. वहीं एससी, एसटी, ओबीसी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग कैंडिडेट्स के लिए न्यूनतम 82 नंबर यानी 55 फीसदी पासिंग क्राइटेरिया निर्धारित किया गया है.

स्पेशल TET का सिलेबस जान लें

UPESSC ने स्पेशल TET का पैटर्न और सिलेबस भी जारी किया है, जिसके तहत प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच तक के शिक्षकों के लिए आयोजित परीक्षा के पेपर में पांच खंड होंगे. आइए जानते हैं कि कौन-कौन से 5 खंड होंगे और कितने सवाल प्रत्येक खंड से पूछे जाएंगे.

बाल विकास एवं शिक्षण विधि – 30 सवाल

प्रथम भाषा हिंदी- 30 सवाल

द्वितीय भाषा अंग्रेजी/उर्दू/संस्कृत- 30 सवाल

गणित – 30 सवाल

पर्यावरण अध्ययन – 30 सवाल

कक्षा छह से आठ के शिक्षकों के स्पेशल TET का सिलेबस

उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से आठ के शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाले स्पेशल TET के सिलेबस की बात करें तो इसमेंबाल विकास एवं शिक्षण विधि, हिंदी और दूसरी भाषा के 30-30 सवाल होंगे. इसके अलावा शिक्षक के विषय के अनुसार गणित-विज्ञान या सामाजिक अध्ययन/सामाजिक विज्ञान से सवाल पूछे जाएंगे. अन्य विषयों के शिक्षक निर्धारित विकल्पों में से विषय चुन सकेंगे.

Related Articles

Back to top button