बच्चे पहुंच गए स्कूल, लेकिन एक भी शिक्षक नहीं मिला; उन्नाव में BSA का बड़ा एक्शन
उन्नाव के नेवरना उच्च प्राथमिक विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान एक भी शिक्षक मौजूद नहीं मिला। बच्चों के बाहर मिलने पर BSA ने प्रधानाध्यापक को निलंबित किया, BEO से भी जवाब मांगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव में सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बिछिया ब्लॉक के नेवरना स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सुबह बच्चे स्कूल पहुंच गए, लेकिन शिक्षक नदारद मिले। औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल का गेट बंद था और बच्चे बाहर व परिसर में शिक्षकों का इंतजार करते दिखाई दिए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू की, जो अब प्रधानाध्यापक के निलंबन तक पहुंच गई है।
साढ़े आठ बजे तक स्कूल में नहीं था एक भी शिक्षक
डीआईओएस सुनील दत्त ने रूटीन निरीक्षण के दौरान सुबह करीब साढ़े आठ बजे विद्यालय का जायजा लिया। उस समय मुख्य गेट बंद मिला। प्रधानाध्यापक कक्ष, रसोई और कई अन्य कमरे भी बंद थे। बच्चों से बातचीत में सामने आया कि स्कूल में छह शिक्षक तैनात हैं, लेकिन निरीक्षण के समय कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था।
बच्चों ने बताया कि एक शिक्षक ने स्कूल की चाबी एक बच्चे को दे रखी थी और समय से स्कूल खोलने को कहा जाता था। बच्चों के अनुसार शिक्षक अक्सर देरी से विद्यालय पहुंचते हैं।
बारिश में बाहर खड़े मिले बच्चे, खुलवाया गया गेट
डीआईओएस ने बताया कि बारिश का मौसम होने के कारण किसी तरह स्कूल का गेट खुलवाकर बच्चों को अंदर कराया गया। निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डीआईओएस ने पूरे मामले की जानकारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश पाण्डेय को दी। इसके बाद प्रधानाध्यापक समेत पूरे स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा गया और वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने की कार्रवाई की गई।
प्रधानाध्यापक निलंबित, BEO से भी जवाब तलब
अपडेट के मुताबिक बीएसए शैलेश पाण्डेय ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार को भी स्पष्टीकरण जारी किया गया है। विभाग की ओर से पहले ही प्रधानाध्यापक समेत पूरे स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई थी।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में तैनात अन्य पांच शिक्षकों पर भी जांच के बाद आगे कार्रवाई हो सकती है। विभागीय स्तर पर जवाब और तथ्यों की समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव
यह भी पढ़ें: टॉयलेट गई महिला बंदी फिर नहीं लौटी, बुर्के में भागने का दावा; दो सिपाही सस्पेंड



