मिर्जापुर में रातभर हाथियों का तांडव, खेतों में घुसकर रौंदी फसल; गांव में दहशत

मिर्जापुर के लहुरियादह गांव में छत्तीसगढ़ से भटककर आए हाथियों के जोड़े ने मक्का की फसल रौंद दी। वन विभाग GPS से निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर के जंगल से सटे लहुरियादह गांव में बुधवार रात अचानक हलचल बढ़ गई। छत्तीसगढ़ से भटककर आए जंगली हाथियों के जोड़े ने गांव की यादव बस्ती के पास पहुंचकर मक्का के खेतों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने करीब एक बीघे की फसल रौंद दी और फसल की रखवाली के लिए बनाया गया मचान भी तहस-नहस कर दिया। पूरी रात ग्रामीणों में दहशत बनी रही और वन विभाग की टीम गांव में निगरानी करती रही।

खेत में पहुंचे हाथियों ने मक्का की फसल रौंदी

बताया गया कि रात करीब आठ बजे हाथियों का जोड़ा कटरा जंगल से निकलकर लहुरियादह निवासी नचकऊ यादव के खेत में पहुंच गया। दोनों हाथियों ने खेत में खड़ी मक्का की फसल को रौंद दिया। फसल की रखवाली के लिए बनाया गया मचान और चारपाई भी क्षतिग्रस्त हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों को देखकर पास में बंधी नौ भैंसों में से आठ पगहा तोड़कर भागीं और बाद में लौट आईं, जबकि एक भैंस का अभी पता नहीं चला है। ज्ञानवती, रानी यादव और गुलबिया समेत अन्य ग्रामीणों की मक्का की फसल को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों को रात में बाहर न निकलने की सलाह

हाथियों के गांव के करीब पहुंचने की सूचना पर वन विभाग की टीम पूरी रात मौके पर मौजूद रही। ग्रामीणों को घरों से बाहर नहीं निकलने और जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी गई। वन विभाग माइक से लगातार लोगों को सतर्क कर रहा है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात में जंगल की तरफ मवेशी लेकर नहीं जाने और हाथियों को परेशान न करने की अपील की है। ग्रामीणों ने बताया कि पूरी रात लोग डर के बीच जागते रहे।

GPS से हो रही निगरानी, प्रयागराज की ओर बढ़ा जोड़ा

वन क्षेत्राधिकारी रविशंकर शर्मा के अनुसार हाथियों का जोड़ा गुरुवार को कटरा जंगल से सटे प्रयागराज के कोरांव वनरेंज की ओर बढ़ गया है। वन विभाग GPS ट्रैकर के जरिए दोनों की लगातार लोकेशन पर नजर रख रहा है।

वन विभाग के मुताबिक यह नर और मादा हाथी का जोड़ा करीब आठ महीने पहले छत्तीसगढ़ से निकला था। मादा हाथी के गर्भवती होने की बात भी बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों को छेड़ा नहीं जाएगा और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए उन्हें सुरक्षित रास्ते से आगे बढ़ने दिया जाएगा।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर 

यह भी पढ़ें: गोरखपुर के पर्वतारोही नीतीश सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, UP स्पोर्ट क्लाइम्बिंग की संभाली कमान

Related Articles

Back to top button