निशु आजाद के पिता पर हमले का आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज जाएगा जेल? FIR में SC-ST एक्ट जुड़ा
निशु के पिता संजय आजाद पर कथित हमले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रदर्शन के आगे दिल्ली पुलिस झुक गई है. आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार किया जाएगा.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: निशु के पिता संजय आजाद पर कथित हमले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रदर्शन के आगे दिल्ली पुलिस झुक गई है. आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार किया जाएगा.
नाबालिग छात्रा निशु के पिता संजय आजाद पर कथित हमले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से साथ देने के वादे और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रदर्शन के आगे दिल्ली पुलिस झुक गई है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि दिल्ली पुलिस अब मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ SC-ST एक्ट की धारा जोड़ने जा रही है. साथ ही पुलिस पीड़ित संजय की फिर से मेडिकल जांच कराएगी.
सूत्रों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दर्ज अपनी FIR में SC-ST एक्ट की धारा जोड़ेगी. साथ ही पीड़ित संजय की फिर से मेडिकल जांच कराई जाएगी. मेडिकल जांच के आधार पर ही तय किया जाएगा कि आरोपी पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया जाए या नहीं. सूत्रों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी.
स्वतंत्र भारद्वाज पर एक्शन को लेकर प्रदर्शन
इससे पहले CJP के प्रवक्ता सौरव दास सहित संगठन के बड़ी संख्या में समर्थक आज शुक्रवार को दिल्ली स्थित संसद मार्ग थाने के बाहर एकत्र हुए और एक प्रदर्शनकारी छात्रा के पिता पर कथित हमले को लेकर स्वयंभू हिंदुत्व इंफ्लूएंसर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
यह विरोध प्रदर्शन उस इंटरव्यू के वायरल होने के बाद आयोजित किया गया जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान सीजेपी प्रदर्शनकारी निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमला करने का दावा किया था.
CJP कार्यकर्ताओं ने लगाए- न्याय करो के नारे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली पुलिस पर स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया और संजय आजाद के लिए न्याय की मांग की है. थाने के बाहर प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस न्याय करो के नारे लगाए.
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने इस दावे का खंडन किया कि संजय की सिर की हड्डी टूट गई थी. पुलिस का कहना है कि हाथापाई के दौरान संजय को मामूली चोट लगी थी और उनकी शिकायत पर केस दर्ज किया गया था. प्रदर्शन को देखते हुए थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई, अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवरोधक लगाए गए थे.
MP चंद्रशेखर आजाद भी प्रदर्शन में हुए शामिल
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के समर्थन में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे. वे CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रंका का समर्थन करने पहुंचे.
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, “जंतर-मंतर पर जब हमारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था तो यहां पर हिंसा हुई. ये अपराधिक गैंग दिल्ली में पहले से भी हिंसा करती आ रही है. आखिर ये लोग दिल्ली में खुलेआम क्यों घूम रहे हैं. दिल्ली पुलिस बार-बार कह रही थी कि जंतर-मंतर पर 2800 से ज्यादा घोर अपराधियों की पहचान की गई तो आप उन लोगों को ये छूट क्यों देना चाह रहे हैं?”
निशु, तुम्हारी लड़ाई अकेली नहींः राहुल गांधी
उन्होंने कहा, “हमने पहले ही कहा कि उन 2800 अपराधियों की पहचान की जाए और यदि उन्होंने कोई संगीन अपराध किया है तो आप उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, उन्हें जेल में डालें. क्या राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था इतनी दुर्बल हो गई है? दिल्ली पुलिस को जवाब देना चाहिए. हम आज यहां इसलिए आए हैं क्योंकि तब से लेकर अब तक दिल्ली पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. पहले दिन से हम लोग सभी छात्रों के साथ खड़े हैं और आगे भी साथ खड़े रहेंगे.”
एक दिन पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट पर पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की बात कही. राहुल ने अपने पोस्ट में कहा, “निशु, तुम्हें घबराने की जरूरत नहीं है. मैं तुम्हारे साथ हूं. यह साफ हो गया है कि तुम्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि तुम अपने समुदाय और छात्रों के हक की आवाज उठाती हो.
अमित शाह की दिल्ली पुलिस एक ओर छात्रों के साथ अमानवीय बर्बरता करती है. दूसरी ओर एक दलित लड़की के पिता का सिर फोड़ने वाला अपराधी खुलेआम घूम रहा है. निशु, तुम्हारी लड़ाई अकेली नहीं है. हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक न्याय नहीं मिल जाता.”
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर पोस्ट करते हुए कहा, “ये वीडियो आपको जरूर-जरूर देखना चाहिए. आपका खून खौल उठेगा. क्या भगत सिंह जैसे वीरों ने इसलिए कुर्बानी दी थी कि एक दिन देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिलेगा जो सरे आम ऐसे गुंडों को बचाएगा?”



