जिस जमीन पर डाला जाता था कूड़ा, उसी को लेकर बहा खून; मारपीट में महिला की मौत
बांदा के जसपुरा में कूड़ा डालने की जमीन को लेकर सगे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में महिला की मौत हुई, दो लोग घायल हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बांदा के जसपुरा थाना क्षेत्र के फकीर डेरा में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सगे भाइयों के बीच जमीन को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कूड़ा डालने की जमीन को लेकर भिड़े सगे भाई
जानकारी के अनुसार, कूड़ा डालने वाली जमीन को लेकर परिवार के बीच विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि छोटे और बड़े भाई ने अपने परिवार के साथ मिलकर बीच वाले भाई और उसके परिवार पर हमला कर दिया।
मारपीट में महिला समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पिता, पुत्र व महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल पहुंचते ही महिला की मौत
अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
तहरीर के आधार पर एक आरोपी गिरफ्तार
मृतका के पति राजबहादुर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सीओ सदर सौरभ सिंह के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना जसपुरा थाना अंतर्गत फकीर डेरा की है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़े: उन्नाव: अवैध संबंधों का शक बना रिश्ते का दुश्मन! पति ने पत्नी को गंगा में फेंका, पुलिस ने दबोचा



