सीतापुर: सूना मकान देख शातिरों ने बोला धावा, नकदी के साथ बेटियों के जेवर भी ले गए
सीतापुर के तंबौर के नवाबगंज में सूने मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 10 लाख रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: घर में ताला लगाकर परिवार के साथ बाहर जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। तंबौर थाना क्षेत्र के नवाबगंज मोहल्ले में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार जब वापस लौटा तो घर के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए।
पीछे का गेट तोड़कर घर में घुसे चोर
पीड़ित जहीर अहमद पुत्र मतलूब के मुताबिक, वह अपने पुत्र की तारीख के सिलसिले में परिवार के साथ बाराबंकी जिले के जिगनी गांव गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। शाम करीब आठ बजे जब परिवार वापस लौटा तो मकान के पीछे वाले गेट का ताला टूटा मिला।
अंदर पहुंचने पर कमरों और सेफ अलमारी के ताले भी टूटे मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद परिवार को चोरी की पूरी घटना का पता चला।
10 लाख नकदी और जेवरात चोरी
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से करीब 10 लाख रुपये नकद ले गए। इसके साथ ही दो सोने के हार, झुमके, कान के झाले, अंगूठियां और नथ समेत कई आभूषण चोरी हुए हैं।
चोरों ने चांदी की कई पायलें भी नहीं छोड़ीं। पीड़ित ने बताया कि चोरी गए जेवरात में बेटियों और दामाद के आभूषण भी शामिल थे। चोरी की रकम और जेवरात की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तंबौर पुलिस को सूचना दी। थाने में तहरीर देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। घटना के बाद मोहल्ले में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बांदा में इलाज के बाद 24 साल की महिला की मौत, डॉक्टर पर उठे गंभीर सवाल



