20 सेंटीमीटर दूर खतरे का निशान, घाघरा-गोबरहिया ने गांवों में मचाई तबाही

सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में घाघरा और गोबरहिया नदियां उफान पर हैं। कई गांवों में पानी पहुंच गया है। कटान से परिवार पलायन कर रहे हैं और सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लगातार बारिश और बैराजों से छोड़े जा रहे पानी ने सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरयू, घाघरा और गोबरहिया नदियां उफान पर हैं। घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से महज 20 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है। नदी का पानी गांवों और खेतों तक पहुंचने के साथ अब कटान भी तेज हो गया है।

घाघरा के कटान से घर छोड़ने को मजबूर परिवार

शुकुलपुरवा के नागेश्वरपुरवा, बुचऊ पुरवा और झगटू पुरवा में घाघरा नदी का कटान तेज होने से ग्रामीणों में दहशत है। नदी किनारे बसे परिवार जरूरी सामान समेटकर नाव के सहारे बांध की ओर पहुंच रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदी का जलस्तर और बढ़ा तथा कटान इसी रफ्तार से जारी रहा तो कई गांवों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा सकता है। सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूबने से ग्रामीणों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी गहरा गया है।

गोबरहिया का पानी घरों तक पहुंचा

गोबरहिया नदी का पानी पीतांबर पुरवा, अर्जुन पुरवा, इच्छाधारी पुरवा, बलेसर पुरवा, सोती पुरवा, अंगद पुरवा, बंगाली पुरवा, प्यारे पुरवा, बाबा कुटी, अखरी अंगरौरा, मिश्रन पुरवा, बच्चू पुरवा और खुन्ना पुरवा समेत कई गांवों में पहुंच गया है।

कई परिवारों के घरों में पानी घुसने से तख्त पर खाना पकाने की नौबत है। संपर्क मार्ग डूबने से आवागमन भी प्रभावित है। ग्रामीणों के मुताबिक खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो रही है और मजदूरी का काम भी बंद है।

बांध पर राहत कार्य, लंच पैकेट और भूसे की व्यवस्था

शुकुलपुरवा बांध पर रह रहे कटान प्रभावित परिवारों के लिए राहत कार्य शुरू किया गया है। प्रशासन की ओर से लंच पैकेट बांटे जा रहे हैं और पेयजल के लिए हैंडपंप लगाए गए हैं। पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था भी कराई जा रही है।

एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी के अनुसार, बांध पर शरण लिए परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और पशुओं के चारे की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन की नजर नदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर बनी हुई है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: दो महीने पहले कोर्ट मैरिज, अब पत्नी की हत्या! पति ने खुद पुलिस को फोन कर कहा- मैंने मार दिया

Related Articles

Back to top button