बदायूं में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौत

बदायूं में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सोमवार रात मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मुड़िया सेंडोला गांव के पास रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई।

हाईवे पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

नितिन, विशाल और अचिन की मौत से परिवारों में कोहराम

मृतकों की पहचान संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के भटौल गांव निवासी नितिन, विशाल और अचिन के रूप में हुई है। नितिन बीए का छात्र था। विशाल के पिता की करीब चार महीने पहले बीमारी के चलते मौत हुई थी, जबकि अचिन के पिता राजमिस्त्री हैं।

तीनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही परिवारों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चंदौसी से बदायूं जा रही थी बस, चालक फरार

पुलिस के मुताबिक रोडवेज बस चंदौसी से बदायूं की ओर जा रही थी, जबकि तीनों युवक बाइक से चंदौसी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट:- संतुलित पाठक (बदायूं)

Related Articles

Back to top button