चेन लूटकर भागने वाले दो बदमाशों का पुलिस से आमना-सामना, एक के पैर में लगी गोली

मिर्जापुर में पुलिस चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में दो शातिर स्नैचर गिरफ्तार हुए। एक के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तमंचे, कारतूस, बाइक और चेन बरामद करने का दावा किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्जापुर में गुरुवार की सुबह पुलिस चेकिंग के दौरान उस वक्त मामला अचानक मुठभेड़ में बदल गया, जब बाइक सवार दो युवकों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान दोनों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से तमंचे, कारतूस और चेन बरामद करने का दावा किया है।

चेकिंग के दौरान भागे, पुलिस पर फायरिंग का आरोप

10 सितंबर की भोर में कोतवाली कटरा पुलिस जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे दुधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की ओर भागने लगे। पुलिस ने दोनों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई।

इस दौरान सद्दाम उर्फ लखेन्दर (34) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।

तमंचे, कारतूस और चेन बरामद

पुलिस के मुताबिक सद्दाम के पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा पीली धातु की चेन बरामद हुई। दूसरे आरोपी फिरोज आलम (30) के पास से तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। मौके से घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की गई।

दोनों आरोपी क्रमश: सोनभद्र और भदोही के रहने वाले बताए गए हैं।

पूछताछ में सामने आई चेन स्नैचिंग की बात

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने 1 सितंबर को नटवा तिराहे के पास बाइक सवार बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, बरामद चेन का कुछ हिस्सा उसी घटना से जुड़ा है। सद्दाम के खिलाफ मिर्जापुर के मड़िहान थाने में दो मुकदमे भी दर्ज बताए गए हैं। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक समेत कटरा पुलिस की टीम शामिल रही।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: ऑटो से उतरा और गायब हो गया कक्षा चार का छात्र, CCTV ने खोला ट्रेन तक पहुंचने का राज

Related Articles

Back to top button