कच्ची शराब की भट्टियों पर चला आबकारी विभाग का डंडा, अब रेलवे स्टेशन रोड की बारी!

गोरखपुर के राजघाट क्षेत्र में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। रेलवे स्टेशन रोड के कथित अवैध अंग्रेजी शराब कारोबार पर भी नजर है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर अभियान तेज कर दिया है। राजघाट थाना क्षेत्र में हरबर्ट बंधा और चकरायुल में हुई दबिश के दौरान टीम ने करीब 15 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के बाद आबकारी अधिनियम के तहत एक अभियोग दर्ज किया गया है। विभाग ने रेलवे स्टेशन रोड पर कथित अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबार पर भी जल्द बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

हरबर्ट बंधा और चकरायुल में दबिश

आबकारी विभाग के मुताबिक, अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चल रहे प्रवर्तन अभियान के तहत राजघाट क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 15 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।

जिला आबकारी अधिकारी अरविंद मौर्या ने बताया कि अमलुतानी क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की भट्टियों की समस्या चुनौती बनी हुई है। उनके अनुसार राजघाट क्षेत्र में लगातार भट्टियां तोड़ी जाती हैं और स्थानीय पुलिस की सक्रियता बढ़ने से इस पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

अंग्रेजी शराब के कारोबार पर भी विभाग की नजर

आबकारी अधिकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन रोड पर चल रहे कथित अवैध अंग्रेजी शराब के कारोबार पर भी विभाग नजर रख रहा है। उन्होंने जल्द बड़ी कार्रवाई की बात कही है।

आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक एसएन वर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। अचानक हुई दबिश से शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

दुकानों और बार का भी औचक निरीक्षण

अभियान के दौरान टीम ने कंपोजिट शराब की दुकान और रेस्टोरेंट बार का भी निरीक्षण किया। विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि तय समय से पहले या बाद में दुकान खुली मिलने पर कार्रवाई होगी।

दुकानदारों को पॉश मशीन से शत-प्रतिशत मदिरा बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। विभाग ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, फिर गनर से भिड़ गया युवक! VIDEO वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में

Related Articles

Back to top button