बांदा में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, 5 साल की बच्ची का काटना पड़ा पैर; अब उठे बड़े सवाल

बांदा में पांच वर्षीय मानवी का पैर काटे जाने के मामले में परिवार ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अखिलेश यादव के बयान के बाद परिजनों ने डीएम से निष्पक्ष जांच और मदद की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा में पांच साल की मासूम मानवी के पैर काटे जाने का मामला करीब आठ महीने बाद फिर चर्चा में है। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान कथित लापरवाही के आरोपों से जुड़े इस मामले में परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा है। अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया के बाद परिजनों को कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

छत से गिरने के बाद मेडिकल कॉलेज पहुंची थी मानवी

पडुवी गांव की पांच वर्षीय मानवी करीब आठ महीने पहले छत से गिरकर घायल हुई थी। परिजन उसे बांदा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि बच्ची के पैर में पट्टी बांधने के बाद तीन दिनों तक उसकी समुचित निगरानी नहीं हुई। उनका दावा है कि बच्ची डॉक्टर विनीत सिंह के अधीन भर्ती थी, लेकिन इस दौरान डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे।

परिजनों के मुताबिक समय पर उचित इलाज और निगरानी नहीं मिलने से पैर की स्थिति बिगड़ती गई। संक्रमण गंभीर होने के बाद आखिरकार बच्ची का पैर काटना पड़ा।

जांच में डॉक्टर पर कार्रवाई का दावा, फिर बहाली पर सवाल

परिवार का कहना है कि शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई थी, जिसमें संबंधित डॉक्टर को दोषी पाया गया और कार्रवाई भी हुई। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि बाद में डॉक्टर को दोबारा बहाल कर दिया गया। परिवार अब पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

डीएम से मिले परिजन, आर्थिक मदद की भी मांग

सोमवार को मानवी के माता-पिता समाजसेवी और सपा नेता सुशील त्रिवेदी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बच्ची को न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

अखिलेश यादव के बयान के बाद मामले को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा मिली है। अब परिवार की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले माता-पिता के सामने बेटी के भविष्य की चिंता सबसे बड़ा सवाल बनी हुई है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: NCB हेल्पलाइन में नौकरी का झांसा! 36 युवकों से लाखों की वसूली, WhatsApp पर हुआ इंटरव्यू

Related Articles

Back to top button