नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए गोरखपुर से मदद, दवा कारोबारियों ने उपलब्ध कराईं जरूरी दवाएं

नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए गोरखपुर के भालोटिया मार्केट दवा विक्रेता समिति ने आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई हैं। मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ इन्हें प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाएगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नेपाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए गोरखपुर के दवा कारोबारियों ने मदद का हाथ बढ़ाया है। भालोटिया मार्केट की दवा विक्रेता समिति ने जरूरत के मुताबिक आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई हैं। इन दवाओं को मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के माध्यम से नेपाल के प्रभावित इलाकों में जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा।

भालोटिया मार्केट के दवा कारोबारियों ने दिया सहयोग

दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे ने कहा कि आपदा के समय राहत सामग्री के साथ दवाओं की भी बड़ी जरूरत होती है। समय पर उपलब्ध होने वाली आवश्यक दवाएं प्रभावित लोगों के लिए महत्वपूर्ण मदद साबित हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि भालोटिया मार्केट के दवा व्यवसायियों ने अपनी क्षमता के अनुसार दवाओं का सहयोग किया है।

मानव सेवा संस्थान के जरिए नेपाल पहुंचेगी मदद

उपलब्ध कराई गई दवाओं को मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के जरिए नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक भेजा जाएगा। संस्थान के निदेशक पुरू मयंक त्रिपाठी, आशा एफएम 89.6 के निदेशक नवीन पांडेय और परियोजना समन्वयक धर्मेंद्र सिंह ने समिति अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे, महामंत्री आलोक चौरसिया समेत सहयोग करने वाले दवा विक्रेताओं का आभार जताया।

राहत सामग्री जुटाने की भी चल रही पहल

संस्थान की ओर से नेपाल के प्रभावित परिवारों के लिए दवाओं के अलावा कपड़े, धनराशि और अन्य राहत सामग्री भी एकत्र की जा रही है। समिति और संस्थान ने व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और सक्षम नागरिकों से आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: टीबी मरीजों की पहचान में निजी डॉक्टरों की होगी बड़ी भूमिका, रेफरल-नोटिफिकेशन पर जोर

Related Articles

Back to top button