चारों तरफ पानी, रास्ते बंद… फिर ट्रैक्टर बना सहारा, बाढ़ में फंसे 350 परिवारों तक पहुंची मदद
हरदोई के अतरौली क्षेत्र में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। डालखेड़ा और भोलाखेड़ा में 350 परिवारों तक ट्रैक्टर से राहत पहुंचाई गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: हरदोई के अतरौली क्षेत्र में गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। कई गांवों में पानी भरने से रास्ते बंद हैं और रोजमर्रा की जरूरत का सामान जुटाना चुनौती बन गया है। ऐसे हालात में जब गांव तक पहुंचना भी मुश्किल था, ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए राहत सामग्री लेकर पहुंचे समाजसेवी अजय कुमार सिंह ने ग्रामीणों को जरूरी सामान वितरित किया।
पानी से घिरे गांवों तक ट्रैक्टर से पहुंची मदद
गुरुवार को अजय कुमार सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर डालखेड़ा और भोलाखेड़ा गांव पहुंचे। यहां करीब 350 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी गई। बताया गया कि गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के करीब 25 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे में राहत सामग्री लेकर पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्रामीणों के लिए बड़ी मदद बनी।
मोमबत्ती से लेकर बच्चों के बिस्किट तक बांटे
राहत वितरण के दौरान परिवारों को मोमबत्ती, नमक, माचिस और आलू समेत जरूरी सामान दिया गया। बच्चों के लिए बिस्किट भी वितरित किए गए। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों के बीच चिंता के बीच कुछ राहत देखने को मिली। वितरण के दौरान किसान, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
करीब 25 गांव बाढ़ की चपेट में
गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण अतरौली क्षेत्र के कई गांवों में ग्रामीणों के सामने आवागमन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का संकट बना हुआ है। राहत वितरण के दौरान संतोष पाल, ज्ञानेंद्र सिंह, किशन टेलर, शिवम, पच्चा, संजय मौर्य, पंकज प्रजापति, हरचंद अली, सोभित सिंह, अरविंद यादव, सिराज अली और अंकित शुक्ला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट – शुभम, हरदोई
यह भी पढ़ें: ‘एक कचौड़ी, दो समोसा…’ बरेली में सपा के इस नारे ने खींचा ध्यान, चुनाव आयोग पर हमला



