इटावा में गुरुजी की हरकत से मचा हड़कंप, बच्चे के सिर पर बजाया तबला
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया। विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की हैरान करने वाली हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में प्रिंसिपल क्लासरूम के अंदर एक छात्र के सिर पर हाथ से तबला बजाने जैसी हरकत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वीडियो के आधार पर प्रिंसिपल सस्पेंड
मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राजेश कुमार ने कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल दिनेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभाग ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यवहार को अनुचित मानते हुए इसे छात्र की गरिमा के विरुद्ध बताया है.
निलंबन आदेश के मुताबिक, कार्रवाई होने के बाद दिनेश कुमार को सैफई स्थित खंड शिक्षा संसाधन केंद्र से संबद्ध किया गया है. अब मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
15 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी बसरेहर के खंड शिक्षा अधिकारी उदय सिंह राज को सौंपी है. उन्हें निर्देश दिया गया है कि 15 दिन के भीतर आरोप पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी करते हुए जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें. जांच के दौरान वायरल वीडियो और प्रिंसिपल के आचरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी. इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगे का फैसला लेगा. फिलहाल, प्रिंसिपल को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
बीएसए के मुताबिक, निलंबन की अवधि में प्रिंसिपल को विभागीय नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. इसके अलावा, नियमानुसार पात्रता होने पर अन्य भत्ते भी मिलेंगे. हालांकि, इसके लिए निर्धारित शर्तों का पालन करना जरूरी होगा. सरकारी स्कूल के क्लासरूम में हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर हैं, जिसके आधार पर मामले में आगे का निर्णय लिया जाएगा.



