भारत के 249 रन पर भारी पड़े होप-रदरफोर्ड

  • वेस्टइंडीज ने किया टी20 का दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज, संजू की मेहनत गई बेकार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
रांची। संजू सैमसन की 82 रन की विस्फोटक पारी और श्रेयस अय्यर-तिलक वर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड की तूफानी पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने शुक्रवार को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत को छह विकेट से हरा दिया। रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
यह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड है। कप्तान शाई होप 45 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाकर लौटे, जबकि रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी कर भारत की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। सैमसन ने 41 गेंदों में 82 रन बनाए। और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज के रिकॉर्ड की विराट कोहली के साथ बराबरी की। इशान ने 43 रन बनाए। इसके बाद अय्यर और तिलक ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को मजबूती दी। अय्यर ने 40 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 44 रन ठोके। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी की। 250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज केमयंक यादव ने पावरप्ले में ही तीन विकेट झटक लिए। लेकिन इसके बाद होप और रदरफोर्ड ने मैच का रुख पलट दिया।

श्रेयस की कप्तानी में रुका जीत का अभियान

श्रेयस की कप्तानी में भारत ने इससे पहले लगातार 10 मैच जीते थे। जुलाई 2026 से शुरू हुआ ये अभियान नौ अक्तूबर को थम गया। श्रेयस के पास कप्तान के तौर पर सर्वाधिक मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। रोहित शर्मा के नाम टी20 में कप्तान के तौर पर लगातार सर्वाधिक मैच जीतने का रिकॉर्ड है। रोहित की कप्तानी में भारत ने नवंबर 2019 से जुलाई 2022 तक लगातार 14 टी20 मुकाबले जीते थे।

Related Articles

Back to top button