BJP पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- उम्मीद है चुनाव आयोग निष्पक्ष रहेगा
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ के सरोजनीनगर के दशरथ और सुलतानपुर के नंदना निषाद जो पढ़ना नहीं जानते हैं, उनके जाली हस्ताक्षर से नाम कटवाने के दर्जनों फार्म भराए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर लखनऊ स्थित लोहिया पार्क में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान अखिलेश यादव ने डॉ. लोहिया के विचारों और सामाजिक समानता के सिद्धांतों को याद किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सपा प्रमुख ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर एक बार फिर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हर विधानसभा सीटों पर सपा मतदाताओं के नाम कटवाए और अपने लिए फर्जी नाम बढ़वाएं हैं। एसआईआर के बाद होना चाहिए था कि फर्जी वोट न रह जाए और मतदाता छूट न जाए, लेकिन एसआईआर के बाद भी कई विधानसभाओं में डबल से लेकर एक ही व्यक्ति के दस वोट हैं। कई विधानसभाओं में हमने ऐसे फर्जी वोट निकाले हैं। हम सूची जारी करेंगे। इसका मतलब SIR में गड़बड़ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ के सरोजनीनगर के दशरथ और सुलतानपुर के नंदना निषाद जो पढ़ना नहीं जानते हैं, उनके जाली हस्ताक्षर से नाम कटवाने के दर्जनों फार्म भराए गए। आजमगढ़ की सदर सीट पर मतदाता विकास यादव के नाम के दस जगह हैं।
सपा मुखिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में सपा की सरकार बनाने जा रही है। समाजवादी पार्टी 403 सीटों के लिए भाजपा की चार सौ बीसी नहीं चलने देगी। डॉ.राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब प्रशासनिक तानाशाही फैली थी तो जयप्रकाश जी ने संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया था।
उन्होंने कहा कि नौकरशाही भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। दुख होता है चुनाव आयोग जो कि संवैधानिक संस्था है, उसका रवैया भेदभाव वाला है। आज भी चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। जिस एसआईआर एक्सरसाइज के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हों, पूरा प्रशासन लगा दिया गया हो, प्रचार किया गया हो, चुनाव आयोग ने उसे शून्य कर दिया है।
सपा प्रमुख ने गंभीर आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग को कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में 200-200 वोट बढ़ा दो। मुख्यमंत्री चुनाव आयोग को कैसे निर्देश दे सकते हैं। आज आर्थिक और सामाजिक भेदभाव बढ़ रहा है। कोई इतना अमीर है कि जिसकी आप कल्पना नहीं कर सकते हैं, कोई इतना गरीब है कि उसकी जरूरत का सामान भी उसके पास पूरा नहीं है। नौकरी नहीं, रोजगार नहीं, महंगाई बढ़ती जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि डॉक्टर राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि दाम बांधो नीति लागू हो। आज मैं फिर उस बात को दोहराना चाहता हूं। आने वाले समय में सपा की सरकार बनेगी तो जरूरत की चीजों को दाम बांधों नीति के अंदर लाकर महंगाई रोकने का काम करेंगे। बीजेपी के लोग हिटलर से सीखकर आए हैं।
सपा प्रमुख ने आरएसएस का नाम लिये बिना कहा कि भाजपा तो अपने लोगों को पुलिस की वर्दी पहनाकर दिल्ली के आंदोलन में आगे कर रही है। तंज कसते हुए कहा कि खाली बस में यूपी से वनस्पति दिल्ली पहुंचा दी गई।
इस अवसर पर सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, सांसद आरके चौधरी, नगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी, महिला जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव, प्रदेश सचिव रामसागर यादव, विजय सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख राजबाला रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव और चिनहट ब्लाक प्रमुख ऊषा सेन भी उपस्थित थीं।



