सौरव-रांका की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी का हमला, अभिजीत दीपके ने कहा- थैंक्यू LoP

दिल्ली के जंतर-मंतर पर रोक के आदेश लागू होने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका मंगलवार सुबह वहां पहुंचे और तिरंगा लहराकर विरोध जताया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दिल्ली के जंतर-मंतर पर रोक के आदेश लागू होने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका मंगलवार सुबह वहां पहुंचे और तिरंगा लहराकर विरोध जताया.

इसके बाद पुलिस ने दोनों के साथ अन्य सदस्यों को हिरासत में लिया. वहीं, आज CJP नेताओं को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. अब इनके जेल भेजे जाने पर सियासत तेज हो गई है.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध के दौरान तिरंगा लहराना कोई जुर्म नहीं है. इसके लिए युवाओं को जेल भेजना कायरता है. उन्होंने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि ‘नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं.जंतर-मंतर भारत के लोगों का है. हम इसे वापस लेंगे.’

राहुल गांधी से अभिजीत दिपके बोले- थैंक्यू LoP

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगे यह भी कहा कि स्टूडेंट्स, युवा, पत्रकार, इंडिया गठबंधन और अलग-अलग बैनर के तहत हो रहे विरोध प्रदर्शन का एक ही मकसद, सभी विरोध एक हैं. वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कांग्रेस नेता के पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए उनका धन्यवाद किया है. दिपके ने CJP नेताओं की गैर-कानूनी गिरफ्तारी के खिलाफ बोलने के लिए ‘थैंक्यू LoP’ लिखा है.

इससे पहले अभिजीत दिपके ने INDIA गठबंधन के प्रोटेस्ट पर कहा कि हम सबका एक ही मकसद है, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ना. CJP एक इंडिपेंडेंट प्रेशर ग्रुप है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम INDIA ब्लॉक के खिलाफ हैं. साथ ही दिपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका को जेल भेजने पर सवाल किया और इसे अनऑफिशियल इमरजेंसी बताया.

‘इमरजेंसी लगाना चाहते हैं, तो ऑफिशियली लगाएं’

अभिजीत दिपके ने नागपुर में मीडिया के बातचीत में CJP नेताओं को जेल भेजे जाने पर कहा, ‘मैं पीएम मोदी से कहना चाहता हूं कि अगर आप देश में इमरजेंसी लगाना चाहते हैं, तो ऑफिशियली लगाएं. आप अनऑफिशियल इमरजेंसी क्यों चला रहे हैं, जहां लोगों को सिर्फ जंतर-मंतर पर नेशनल फ्लैग लहराने पर पांच दिन की कस्टडी में भेज दिया जाता है? ऐसी चीजें तो इमरजेंसी में भी नहीं हुईं.’

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आपमें दम है, तो इमरजेंसी को ऑफिशियली घोषित करें. ये लोग बहुत डरपोक हैं जो पुलिस के पीछे छिपे हैं. कल से, सौरव, आशुतोष और अजिंक्य को गैर-कानूनी तरीके से कस्टडी में रखा गया था और उन्हें अपने वकीलों से भी मिलने नहीं दिया गया. आज सुबह, सौरव और आशुतोष को पांच दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया. उनका जुर्म क्या था?’

Related Articles

Back to top button