योगी सरकार पर ओवैसी का निशाना, बोले- बुलडोजर से नौकरी नहीं मिलती
ओवैसी का आरोप था कि दंगा पीड़ितों की मदद के लिए सपा नेताओं ने अपेक्षित पहल नहीं की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कैराना में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया।
उन्होंने मुजफ्फरनगर और कैराना दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बड़ी संख्या में लोग बेघर हुए थे। ओवैसी का आरोप था कि दंगा पीड़ितों की मदद के लिए सपा नेताओं ने अपेक्षित पहल नहीं की।
उन्होंने कहा कि रामपुर में आवाज उठाने के बाद अखिलेश यादव आजम खान से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब तक अब्दुल नेता नहीं बनेगा, तब तक मसला हल नहीं होगा। कैराना और मुजफ्फरनगर के लोग और हम सब आजम हैं।
कैराना के बुच्चाखेड़ी रोड पर आयोजित एआईएमआईएम के कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को ओवैसी रावण नजर आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह चाहते थे कि अखिलेश उनके खिलाफ खुलकर बोलें।
युवाओं को रोजगार देने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे: ओवैसी
ओवैसी ने आरोप लगाया कि इससे पता चलता है कि अखिलेश के मन में दाढ़ी-टोपी वालों के लिए कितनी नफरत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम समाज से समर्थन तो चाहते हैं, लेकिन उसके मुद्दों और नेतृत्व को पर्याप्त महत्व नहीं देते। उन्होंने कहा कि जब तक अब्दुल यानी मुस्लिम समाज का अपना नेतृत्व आगे नहीं आएगा, तब तक शिक्षा, स्वास्थ्य, जमीन और धार्मिक स्थलों से जुड़े मसलों का समाधान मुश्किल रहेगा।


