यूपी में 2027 के चुनाव को लेकर AAP की नई रणनीति, संजय सिंह ने किया बड़ा खुलासा
संजय सिंह ने कहा कि भले ही 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को निराश होना पड़ा, लेकिन नगर पालिका के चुनाव में हमने बेहतर प्रदर्शन किया.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं।
इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) भी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में पार्टी को खास सफलता नहीं मिली थी। ऐसे में इस बार AAP की रणनीति क्या होगी और पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों के संकेत दिए हैं। हालांकि, उपलब्ध हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका अंतिम फैसला अभी केंद्रीय नेतृत्व को करना है। संजय सिंह ने भी कहा है कि इस संबंध में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा की जाएगी।
AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में मीडिया से बीतचीत में कहा कि 2022 के चुनाव में पार्टी ने 349 सीटों पर चुनाव लड़ा था. परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आए थे. चुनाव में 1% से भी कम वोट शेयर मिले थे. लेकिन पार्टी अब 2027 विधानसभा चुनाव के लिए नई रणनीति अपनाएगी. इस दौरान संजय सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे पर भी टिप्पणी की.
इस बार सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए नहीं उतरेंगे
संजय सिंह ने कहा कि भले ही 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को निराश होना पड़ा, लेकिन नगर पालिका के चुनाव में हमने बेहतर प्रदर्शन किया. यूपी में AAP ने लगभग 250-300 सभासद पार्षद और 10 चेयरमैन जीते हैं. रामपुर और बरसाना जैसे नगर पालिका में AAP के चेयरमैन हैं. उन्होंने कहा कि यानी नगर पालिका में हमारी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है.
उन्होंने बताया कि नगर पालिका चुनाव के बाद से उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सक्रियता बनी हुई है. इस सवाल पर कि इसबार AAP कितने सीटों पर लड़ेगी? संजय सिंह ने कहा कि ‘AAP इस बार 349 सीटों पर चुनाव लड़ने की गलती नहीं दोहराएगी. इस बार ये नहीं है कि हम सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरे. इस बार रणनीति यह होगी की जहां भी चुनाव लड़ेंगे, मजबूती से लड़ेंगे.’
कांग्रेस की ओर से 150-200 सीटों की मांग गलत
संजय सिंह ने इस दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चा पर भी टिप्पणी की. साथ ही कांग्रेस की सीटों की मांग पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस को 2.5% वोट मिले थे और उसने केवल दो सीटें जीती थीं. अब इस आधार पर कांग्रेस को कितनी सीटें मिलनी चाहिए, यह कांग्रेस और अखिलेश यादव को आपस में तय करना चाहिए.
उन्होंने कांग्रेस की ओर से 150-200 सीटों की मांग को गलत बताया. साथ ही कहा कि अगर आप केवल दो सीटें जीतने के बाद 200 सीटें मांग रहे हैं, तो सोचिए कि अगर आपने सपा की तरह 111 सीटें जीती होतीं, तो आप कितनी सीटों की मांग करते. उस हिसाब से, आप 1,000 सीटों की मांग करते. कांग्रेस को 200 सीटों के बजाय ऐसी मांगें करनी चाहिए जो सही लगें.



