बदायूं में दर्दनाक हादसा, साइकिल से स्कूल जा रही 12 साल की छात्रा की मौत

Budaun News: बदायूं के उघैती क्षेत्र में स्कूल जा रही 12 वर्षीय प्रियंका को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बदायूं में गुरुवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली 12 साल की प्रियंका की जिंदगी सड़क हादसे में थम गई। साइकिल से स्कूल जा रही कक्षा छह की छात्रा को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अपनी चपेट में ले लिया। खंडुवा गांव के पास हुए इस हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

साइकिल से स्कूल जा रही थी प्रियंका

उघैती थाना क्षेत्र के कुबरी गांव निवासी सोपाली की बेटी प्रियंका (12) खंडुवा गांव स्थित सुधारानी मॉडल पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ती थी। गुरुवार सुबह वह रोजाना की तरह साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी। खंडुवा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।

हादसे की खबर सुनकर घटनास्थल पहुंचे परिजन

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रियंका के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसर गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिस बेटी को परिवार ने सुबह पढ़ने के लिए स्कूल भेजा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलने पर उघैती थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक, बदायूं

यह भी पढ़ें: आजम खान और अब्दुल्ला आजम को जमानत, दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार

Related Articles

Back to top button