काशी में बीजेपी की हार पर सपा का तंज, बोली- प्रभु का आशीर्वाद हमारे साथ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अनुराग भदौरिया ने एक्स पर लिखा कि प्रभु का आशीर्वाद समाजवादीयों के साथ हैं.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के बीच बड़ी खबर सामने आई है। करीब 50 घंटे से वोटों की गिनती जारी है।

इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने मतगणना पूरी होने से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आशुतोष सिन्हा बीजेपी प्रत्याशी से 16,990 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। ऐसे में उनकी जीत की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। हालांकि, मतगणना पूरी होने और चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा के बाद ही जीत की अंतिम पुष्टि होगी।

करीब 50 घंटे से जारी है वोटों की गिनती

वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना लंबी चलने के कारण चुनावी माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। करीब 50 घंटे बीत जाने के बाद भी वोटों की गिनती जारी रहने से राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की नजरें नतीजों पर टिकी हुई हैं।

मतगणना के दौरान बीजेपी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। दोनों दलों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की स्थिति को लेकर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस बीच बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह की ओर से हार स्वीकार किए जाने की खबर ने चुनावी चर्चा को और तेज कर दिया है।

बीजेपी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने क्या कहा?

बीजेपी के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने हार स्वीकार करते हुए फेसबुक पर लिखा, ‘वाराणसी खंड के समस्त सम्मानित स्नातक मतदाताओं के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार, जिन्होंने इस चुनाव में अपना अमूल्य मत देकर मुझ पर विश्वास व्यक्त किया और अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया. जनादेश को मैं पूर्ण विनम्रता एवं लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ स्वीकार करता हूं.’

उन्होंने आगे कहा कि हालांकि, चुनाव में जीत नहीं मिली, लेकिन सभी का स्नेह, सहयोग और विश्वास मेरे लिए सदैव अमूल्य रहेगा. मेरे लिए राजनीति सत्ता और पद प्राप्त करने का माध्यम मात्र नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने और जनसेवा के संकल्प को साकार करने का एक सतत प्रयास है. मैं पहले जैसा ही आप सभी के बीच रहूंगा और स्नातक समाज के हितों के लिए आवाज उठाता रहूंगा.

अयोध्या और मथुरा के बाद अब काशी भी फतह

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अनुराग भदौरिया ने एक्स पर लिखा कि प्रभु का आशीर्वाद समाजवादीयों के साथ हैं. पहले अयोध्या जीते अब काशी, मथुरा और प्रयागराज भी जीते. हम लोगों के लिए प्रभु आस्था का विषय है. हम लोग प्रभु के आदर्श और आचरण को अपनाते हैं . जो लोग प्रभु के नाम पर राजनीति करते हैं वो लगातार हार रहे हैं. यह जीत सपा के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है.

बनारस स्नातक सीट पर 1,18,000 वोट पड़े थे

बनारस स्नातक MLC सीट पर करीब 50 घंटे से वोटों की गिनती जारी है. सपा के आशुतोष सिन्हा बीजेपी प्रत्याशी से 16990 वोटों से आगे चल रहे हैं. हालांकि प्रथम वरीयता में जीत न होने से फैसला दूसरी वरीयता के मतों से होगा. आशुतोष सिन्हा प्रथम वरीयता में 59,001 मतों का आंकड़ा हासिल नहीं कर सके थे. अब तक 9वें चक्र की मतगणना पूरी हो चुकी है.

गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सपा के आशुतोष सिन्हा 50462 वोट पाकर बीजेपी के केदार सिंह (31189 वोट) से 16990 वोटों से आगे हैं. अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की जा रही है. इसके बाद ही चुनाव का अंतिम परिणाम सामने आएगा. इस सीट पर 23 सितंबर को हुए मतदान में कुल 1,18,000 वोट पड़े थे.

सपा-BJP ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप-प्रत्यारोप

दो दिनों से जारी मतगणना के बीच समाजवादी पार्टी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाए. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर (IAS) प्रांजल यादव पर पक्षपात करने और वोटों की गिनती में गड़बड़ी कराने का आरोप लगाया. साथ ही मतगणना केंद्र के बाहर धरना और विरोध प्रदर्शन भी किया. जिसके बाद 5वें राउंड की दोबारा गिनती हुई.

वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने काउंटिंग रोकने और धीमा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इसके पीछे का षड्यंत्र सब समझ रहे हैं, लेकिन भाजपाई इसमें कामयाब नहीं होंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को रातभर मतगणना केंद्र पर रुकने और सतर्क रहने के निर्देश दिए थे. वही, अब बीजेपी के हार मानने के बाद, सपा कार्यकर्ता बारिश के बावजूद ढोल की थाप पर नाचते हुए जश्न मना रहे हैं.

Related Articles

Back to top button