Kanpur Leather Mela 2026: मोतीझील में आज से मेला, 46 स्टॉल पर मिलेंगे जूते-बैग और पर्स

Kanpur Leather Mela 2026: कानपुर के मोतीझील में 30 अक्टूबर से लेदर मेला शुरू होगा। 46 स्टॉल पर जूते, बैग, वॉलेट, बेल्ट और पर्स समेत कई उत्पाद मिलेंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: त्योहारी सीजन में जूते, बैग, वॉलेट और लेदर एक्सेसरीज खरीदने की योजना बना रहे हैं तो कानपुर में आपके लिए खास मौका है। शहर के मोतीझील में 30 अक्टूबर से कानपुर लेदर मेला-2026 शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले में 46 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां चमड़े और नॉन-लेदर उत्पादों की खरीदारी कर सकेंगे।

30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगा लेदर मेला

कानपुर लेदर मेले का सातवां संस्करण मोतीझील के लॉन-1 में आयोजित होगा। चमड़ा निर्यात परिषद (CLE) के मध्य क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक खरीदारी और उत्पादों की प्रदर्शनी होगी।

यहां चमड़े और नॉन-लेदर फुटवियर, बैग, वॉलेट, बेल्ट, महिलाओं के हैंडबैग और पर्स समेत कई उत्पाद उपलब्ध होंगे। कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के निर्माता एवं निर्यातक अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

मंत्री राकेश सचान करेंगे उद्घाटन

मेले का उद्घाटन 30 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे होगा। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, चमड़ा निर्यात परिषद के उपाध्यक्ष मुख्तारुल अमीन विशिष्ट अतिथि रहेंगे। परिषद के मध्य क्षेत्रीय अध्यक्ष यादवेंद्र सिंह सचान अतिथियों का स्वागत करेंगे।

स्थानीय कारोबारियों को मिलेगा बड़ा मंच

आयोजकों के मुताबिक, मेले का उद्देश्य कानपुर के चमड़ा और फुटवियर उद्योग को घरेलू बाजार में पहचान दिलाना और स्थानीय ब्रांड की पहुंच बढ़ाना है। इससे निर्माताओं को ग्राहकों से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा।

कानपुर-उन्नाव क्षेत्र देश के प्रमुख चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग केंद्रों में शामिल है। यह उद्योग बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार देने के साथ निर्यात में भी योगदान करता है। ऐसे में इस मेले को स्थानीय कारोबारियों के लिए अपने उत्पादों और डिजाइन को प्रदर्शित करने का अहम अवसर माना जा रहा है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: बांदा में किसानों की निजी जमीन पर विवाद, बालू खदान ठेकेदार पर धमकी देने का आरोप

Related Articles

Back to top button