बांदा में खाद संकट से हाहाकार, घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी किसानों के हाथ खाली

Banda News: बांदा के बबेरू में खाद के लिए किसान सुबह 5 बजे से कतार लगा रहे हैं। 270 रुपये की खाद 400 से 500 रुपये में बेचने का आरोप, किसान परेशान।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बुंदेलखंड में खेती की लागत पहले ही किसानों की कमर तोड़ रही है, अब खाद के लिए भी उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बांदा के बबेरू क्षेत्र में खाद संकट के चलते किसान सुबह पांच बजे से सहकारी समितियों के बाहर लाइन लगा रहे हैं। इसके बावजूद कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं, निजी दुकानों पर निर्धारित कीमत से ज्यादा वसूली के आरोपों ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।

सुबह 5 बजे से समितियों के बाहर लग रही कतारें

बबेरू क्षेत्र में खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह होने से पहले ही महिला और पुरुष किसान समितियों के बाहर पहुंच जाते हैं। घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है। सहकारी समितियों के सचिवों की हड़ताल के चलते वितरण व्यवस्था प्रभावित बताई जा रही है।

270 रुपये की खाद के लिए 400 से 500 रुपये वसूली का आरोप

किसानों का आरोप है कि सरकारी दर पर करीब 270 रुपये में मिलने वाली खाद निजी दुकानों पर 400 से 500 रुपये तक में बेची जा रही है। बीज, डीजल, सिंचाई और मजदूरी के बढ़ते खर्च के बीच महंगी खाद खरीदना किसानों की मजबूरी बनता जा रहा है। सरकारी केंद्रों पर उपलब्धता नहीं होने से निजी दुकानों पर उनकी निर्भरता बढ़ गई है।

CM योगी के निर्देशों के बाद भी राहत का इंतजार

किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से हड़ताल को लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर खाद वितरण सामान्य नहीं हुआ है। किसानों ने जिला प्रशासन से समितियों पर तत्काल वितरण शुरू कराने, निजी दुकानों की जांच करने और निर्धारित कीमत पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि किसानों को इस संकट से कब राहत मिलेगी।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: Kanpur News: डंपर ने कार को 20 मीटर तक घसीटा, अंदर बैठे थे HBTU प्रोफेसर समेत 3 लोग

Related Articles

Back to top button