फर्स्ट AC में महिला के साथ चोरी, रेलवे की सुरक्षा पर उठे सवाल

महिला का दावा है कि उनके बैग से करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही एक महिला के गहने और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है.

महिला का दावा है कि उनके बैग से करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए. हैरानी की बात यह है कि महिला ने मदद के लिए एक-दो नहीं, बल्कि चार बार इमरजेंसी चेन खींची, लेकिन उनके मुताबिक न तो टीटीई पहुंचा और न ही आरपीएफ का कोई जवान मदद के लिए आया.

रेलवे हेल्पलाइन पर भी संपर्क करने का दावा किया गया है, लेकिन वहां से भी तत्काल सहायता नहीं मिलने की बात महिला ने कही. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है. इस मामले में अभी तक रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है.

फर्स्ट AC में चोरी, महिला के गहने और नकदी गायब

ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की बड़ी जिम्मेदारी होती है. खासकर फर्स्ट एसी जैसे कोच में यात्री अधिक किराया देकर सफर करते हैं, जहां उन्हें अपेक्षाकृत ज्यादा निजता और सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर सामने आए इस मामले ने प्रीमियम कोच में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मामला ट्रेन नंबर 15726 आनंद विहार टर्मिनस-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस का है. एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ इस ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही थीं. महिला के मुताबिक, उनके बैग में रखे करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गएय महिला को चोरी की जानकारी ट्रेन के लखनऊ के चारबाग स्टेशन पहुंचने पर हुई. महिला ने बताया कि उन्हें यह समझ नहीं आया कि बैग से गहने और नकदी कब और कैसे गायब हो गए.

चार बार चेन पुलिंग, फिर भी मदद नहीं मिलने का दावा

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल महिला की ओर से मदद नहीं मिलने को लेकर उठाया गया है. महिला का दावा है कि चोरी का पता चलने के बाद उन्होंने ट्रेन को रोकने और रेलवे कर्मचारियों का ध्यान खींचने के लिए चार बार इमरजेंसी चेन खींची. इसके बावजूद उनके मुताबिक कोई टीटीई या पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा. महिला ने रेलवे हेल्पलाइन पर भी फोन करने की बात कही, लेकिन उनका आरोप है कि वहां से भी उन्हें तत्काल कोई जवाब या सहायता नहीं मिली.

महिला ने वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया. उनका सवाल है कि जब फर्स्ट एसी के बंद कूपे में सफर करने वाली महिला यात्री भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं, तो रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए? महिला ने अपनी परेशानी बताते हुए रेलवे और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि अगर ऐसी स्थिति में यात्री को मदद नहीं मिलती, तो वह आखिर किससे सुरक्षा की उम्मीद करे?

अखिलेश यादव ने BJP पर बोला हमला

रेलवे स्टेशन पर महिला के साथ हुई कथित चोरी और मदद नहीं मिलने के आरोपों ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘भाजपा ही अराजकता है… भाजपा राज में कोई अपराधी नहीं पकड़ा जाएगा, क्योंकि जो अपराधी होगा वो भाजपा में कहीं कोई पदाधिकारी होगा… नारी के आंसू भाजपा की सत्ता को बहा ले जाएंगे!’

Related Articles

Back to top button