सीतापुर में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल! एक्सपायरी दवाएं मिलीं, CHO-ANM का वेतन रोका
सीतापुर के महोली ब्लॉक में डीएम के निरीक्षण में एक्सपायरी दवाएं, गंदगी और अधूरे रिकॉर्ड मिले। लापरवाही पर सीएचओ और एएनएम का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सरकार ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कई बार इन दावों पर सवाल खड़े कर देती है। सीतापुर में डीएम के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की ऐसी ही लापरवाही सामने आई। कहीं एक्सपायरी दवाएं मिलीं तो कहीं परिसर में गंदगी और रजिस्टर अधूरे पाए गए। इस पर डीएम ने सीएचओ और एएनएम का 15-15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
एक्सपायरी दवाएं और गंदगी देखकर नाराज हुए डीएम
मामला महोली ब्लॉक की ग्राम पंचायत हेमपुर का है। डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने पंचायत भवन में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रिकॉर्ड अधूरे मिले और दवाएं एक्सपायरी पाई गईं। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी खराब थी। इन खामियों पर डीएम ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और सीएचओ व एएनएम का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाएं नहीं पहुंचीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री को नोटिस
निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के गोदभराई कार्यक्रम की तैयारियां भी नहीं मिलीं। सत्र में एक भी गर्भवती महिला मौजूद नहीं थी। इस पर डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री को नोटिस जारी करने और सेवा समाप्ति की कार्रवाई क्यों न की जाए, इस संबंध में कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।
सुपरवाइजर और MOIC से भी मांगा जवाब
सत्र की निगरानी में लापरवाही पर सुपरवाइजर और कार्यों में शिथिलता बरतने पर आशा कार्यकत्री को नोटिस देने के निर्देश दिए गए। वहीं, एमओआईसी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर मौजूद रहे। डीएम की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: 1.91 करोड़ की ठगी में बारादरी पुलिस की दोहरी चाल! कोर्ट सख्त, SSP को जांच के आदेश



