15 दिन से ट्रांसफार्मर फुंका, फिर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; NH-35 पर लगा लंबा जाम
बांदा के भरखरी में बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने NH-35 पर करीब दो घंटे जाम लगाया। 15 दिन से खराब ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जाम में एंबुलेंस भी फंसी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौली और करीब 15 दिन से खराब पड़े ट्रांसफार्मर ने ग्रामीणों का सब्र तोड़ दिया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और बांदा के भरखरी गेट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।
15 दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, पेयजल और खेती प्रभावित
मामला बड़ोखर खुर्द ब्लॉक की ग्राम पंचायत भरखरी का है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति व्यवस्था खराब है। भवानीपुरवा मजरे में करीब 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है।
बिजली नहीं आने से पेयजल संकट बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। धान की बेड सूखने की कगार पर पहुंच गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं, हाईवे पर उतरे ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को करीब एक सैकड़ा ग्रामीण भरखरी गेट के पास पहुंचे और हाईवे पर बैठकर जाम लगा दिया।
जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर दोनों दिशाओं में वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
अधिकारियों के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद खुला जाम
हाईवे जाम की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और जल्द समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद करीब दो घंटे से चल रहा जाम समाप्त किया गया और हाईवे पर यातायात सामान्य हुआ। अब ग्रामीणों की नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर है। उनकी मांग है कि खराब ट्रांसफार्मर जल्द बदला जाए और गांव की बिजली आपूर्ति नियमित की जाए।
रिपोर्ट- इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: बेटी की शादी के बाद विधायक ने समधी पर कराया केस, बोले- छिपाए गए थे बड़े राज



