8 दिन में खातों से हुआ 1 करोड़ से ज्यादा का ट्रांजेक्शन, 5600 करोड़ केस में सरेंडर

कानपुर के 5600 करोड़ रुपये की ठगी केस में फरार इखलाक हुसैन ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में सरेंडर किया। पुलिस बैंक खातों, लेन-देन और कथित नेटवर्क की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कानपुर के बहुचर्चित 5600 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे इखलाक हुसैन ने सरेंडर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, ठगी के मामले में नाम सामने आने के बाद इखलाक नेपाल में रह रहा था। उसने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। अब पुलिस उसकी बैंकिंग गतिविधियों और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

चार बैंक खातों से 8 दिन में करोड़ों का ट्रांजेक्शन

पुलिस के अनुसार, इखलाक के करीब चार बैंक खातों का इस्तेमाल वर्ष 2024 से हो रहा था। जांच में सामने आया है कि इन खातों के जरिए महज आठ दिनों में एक करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ। पुलिस का कहना है कि बांसमंडी के सोहनलाल हाता निवासी अमीर नाम का युवक इखलाक के बैंक खातों का इस्तेमाल करता था।

ठगी की रकम गेमिंग एप में लगाने का दावा

एडीसीपी योगेश कुमार के मुताबिक, पुलिस जांच में ठगी से प्राप्त रकम को गेमिंग एप में लगाए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में दो आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। इखलाक के सरेंडर के बाद पुलिस अब बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पूछताछ में सामने आए और नाम

पुलिस के मुताबिक इखलाक से पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। जांच एजेंसियां कथित नेटवर्क में उनकी भूमिका और पैसों के प्रवाह की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैंक खातों का इस्तेमाल किस तरह और किन लोगों द्वारा किया गया। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा, कानपुर

यह भी पढ़ें: 17 सितंबर से बदल जाएगा गोरखपुर एयरपोर्ट का अंदाज! यात्रियों के लिए शुरू होंगे दो बड़े अभियान

Related Articles

Back to top button