साढ़े चार माह के मासूम की जिंदगी बचाने के लिए चाहिए 10 करोड़, पिता ने लगाई मदद की गुहार

गोरखपुर में साढ़े चार माह के मासूम के SMA से पीड़ित होने का मामला सामने आया है। पिता के मुताबिक इलाज के लिए करीब 10 करोड़ के इंजेक्शन की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आर्थिक मदद की अपील की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: जिस उम्र में बच्चे की किलकारियां घर की खुशियां बढ़ाती हैं, उसी उम्र में एक पिता अपने मासूम बेटे की जिंदगी बचाने के लिए करोड़ों रुपये जुटाने की जद्दोजहद कर रहा है। बांसगांव थाना क्षेत्र के आलोक कुमार सिंह शनिवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब पहुंचे और लोगों से आर्थिक मदद की अपील की। उनके मुताबिक, उनका साढ़े चार माह का बेटा स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (SMA) जैसी गंभीर और दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा है और इलाज के लिए करीब 10 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की जरूरत है।

बेटे के इलाज के लिए हर स्तर पर मदद की कोशिश

आलोक कुमार सिंह ने बताया कि वह बेटे के इलाज के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बांसगांव सांसद, विधायक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मदद की गुहार लगाई है। इसके अलावा केंद्र सरकार के कई मंत्रियों से भी संपर्क करने की बात कही है।

परिवार के मुताबिक, तमाम प्रयासों के बावजूद अब तक इलाज के लिए आवश्यक धनराशि नहीं जुट सकी है।

10 करोड़ की रकम जुटाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती

आलोक का कहना है कि जिस इंजेक्शन की आवश्यकता बताई गई है, उसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी रकम एक सामान्य परिवार के लिए जुटाना बेहद मुश्किल है। इसी वजह से उन्होंने मीडिया के जरिए अपनी अपील अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।

उनका कहना है कि परिवार बेटे के इलाज के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और अब लोगों की मदद की उम्मीद है।

बोले- 90 हजार लोग दें एक-एक हजार तो बच सकती है जिंदगी

भावुक आलोक ने कहा कि अगर 90 हजार लोग एक-एक हजार रुपये का सहयोग कर दें तो इलाज के लिए जरूरी राशि जुटाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह कोई सेलिब्रिटी नहीं हैं, इसलिए उनकी अपील बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाना चुनौती है।

इसी उम्मीद के साथ वह प्रेस क्लब पहुंचे, ताकि मीडिया के माध्यम से उनकी आवाज ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और मासूम के इलाज के लिए आर्थिक मदद जुटाई जा सके।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडये, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: त्योहारों से पहले बांदा में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों को FIR की चेतावनी

Related Articles

Back to top button