सीतापुर में आकाशीय बिजली का कहर, पलभर में चली गई पशुपालक की बड़ी पूंजी

सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के लोधौरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौत हो गई। मूसलाधार बारिश के दौरान हुई इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। ग्रामीणों में घटना के बाद चिंता का माहौल है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  मानसून के दौरान हो रही तेज बारिश के बीच नैमिषारण्य थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। लोधौरा गांव में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और गांव में भी चिंता का माहौल है।

खेत में चर रही थी भैंस, तभी गिरी बिजली

जानकारी के अनुसार, लोधौरा गांव निवासी रामसागर, पुत्र शोबरन, गुरुवार सुबह अपनी भैंस को गांव के पास खेतों में चराने ले गए थे। सुबह करीब 8:40 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली भैंस पर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों की जुटी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पशुपालक ने बताया कि मृत भैंस उनकी आय का प्रमुख स्रोत थी। उसकी मौत से परिवार को आर्थिक झटका लगा है।

बारिश के मौसम में सतर्क रहने की अपील

लगातार बदलते मौसम और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए विशेषज्ञ खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह देते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को भी खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रखने की आवश्यकता बताई जाती है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: मिर्जापुर में मुख्यमंत्री के दौरे से पहले करणी सेना पदाधिकारियों को घर पर रोके जाने का दावा, प्रशासन ने घर से ही लिया ज्ञापन

Related Articles

Back to top button