रास चुनाव में हार के बाद से मचा घमासान

विपक्ष ने क्रास वोटिंग करने वालों पर कसा शिकंजा

  • विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को सबसे बात करना चाहिए था : पप्पू यादव
  • कांग्रेस से लेकर राजद तक करेंगे मंथन
  • पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजद पर बरसे

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पटना। राज्य सभा में चुनाव में हार के बाद से बिहार से लेकर हरियाणा तक विपक्ष में घमासान मच गया। कांग्रेस, राजद से लेकर सभी पार्टियां अपने-अपने क्रास वोटिंग करने वालों पर विधायकों पर कार्रवाई करने का मन बना रही हैं। उधर बिहार में सोमवार (16 मार्च) को राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई। इसके बाद शाम को परिणाम आए। इसमें बीजेपी ने राज्य की पांचों सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं इस बीच कांग्रेस सांसद पप्पू यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है इस दौरान उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर की है।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राज्यसभा चुनाव परिणाम पर कहा कि विपक्ष के नेता (बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव) का दायित्व था कि वो सबसे बात करें। उन्होंने किसी से बातचीत नहीं की। यह गलत है। विपक्ष के नेताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वो सबके साथ बैठक करें, विपक्ष के नेता की जो भूमिका होती है, उस जिम्मेदारी को उनको निभाने की जरूरत है। बिहार में पांच राज्यसभा सीटों पर सोमवार (16 मार्च) को मतदान हुआ. इसमें बीजेपी के एनडीए और आरजेडी के महागठबंधन के बीच मुकाबला था। एनडीए गठबंधन के पास 202 विधायकों की संख्या थी, जबकि महागठबंधन के पास 38 विधायक थे। बता दें हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बी के हरिप्रसाद ने हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले विधायकों के नाम बता दिए हैं। उनके अनुसार, नारायणगढ़ से शैली चौधरी, पुनहाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इसराइल और सढौरा से रेणु बाला ने क्रॉस वोट किया। बीके हरिप्रसाद ने कहा कि हमने डिसिप्लिनरी कमेटी को जानकारी दे दी है। आज इन सभी विधायकों को शोकॉज नोटिस भेजा जाएगा।

बिहार में पांचवी सीट पर थी कांटे की लड़ाई

इसके लिए पांचवी सीट पर कांटे की लड़ाई मानी जा रही थी. जिसमें एआईएमएम और बीएसपी निर्णायक भूमिका में थे। हलांकि कांग्रेस के कुछ विधायकों के न पहुंचने से महागठबंधन को पांचवी सीट पर भी हार का सामना करना पड़ा। राज्य की पांचों सीटों पर बीजेपी के एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज कर ली है। वहीं जदयू नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी जीत हासिल की है। ऐसे में भाजपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार ने जीत दर्ज की। इसके अलावा, एनडीए सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएमएल) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा चुनाव जीतने में सफल रहे. अब कांग्रेस और आरजेडी के महागठबंधन में इस हार को लेकर गुस्सा देखने को मिल रहा है। इस हार पर पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव पर ठीकरा फोड़ दिया है।

पहले अपने घर के अंदर झांक लें तेजस्वी यादव : ललन सिंह

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव द्वारा राज्यसभा चुनाव में ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता राजीव ललन सिंह ने कहा-तेजस्वी यादव को कुछ न कुछ तो कहना ही है. उन्हें पहले अपने घर के अंदर झांकना चाहिए. वह अपने ही विधायकों को संभालने में नाकाम रहे हैं और दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने अपने विधायकों को होटल में बंद करके रखा हुआ था. उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए. बिहार की जनता ने उन्हें नकार दिया है. लालू राज खत्म हो चुका है और अब वह भी उसी रास्ते पर जा रहे हैं।

बिहार में महागठबंधन महाफ्लॉप: शाहनवाज

राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, पांचों जीत से ये संदेश गया है कि बिहार में महागठबंधन महाफ्लॉप’ हो चुका है. बिहार की जनता हमारे साथ है. उन दलों में विश्वास की कमी हो रही है. उनके विधायकों का विश्वास उन पर नहीं है. कांग्रेस एक डूबता जहाज है. जो उसमें बैठेगा वो डूब जाएगा। राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, कोई हॉर्स ट्रेडिंग नहीं हुई है बल्कि कोई हॉर्स उनके यहां रहने को तैयार नहीं हैं। धीरे-धीरे सब बिछड़ेंगे बारी-बारी एक दिन आएगा जब तेजस्वी यादव अकेले रह जाएंगे।

Related Articles

Back to top button