वाराणसी: एक लाख का इनामी सुपारी किलर ‘बनारसी यादव’ मुठभेड़ में ढेर, STF ने रिंग रोड पर मार गिराया

उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) और वाराणसी पुलिस को मंगलवार रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी। सारनाथ के चर्चित कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी शूटर बनारसी यादव चौबेपुर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मारा गया। अपराधी के पास से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार STF की वाराणसी इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी बनारसी यादव गाजीपुर-वाराणसी हाईवे के रास्ते भागने की फिराक में है। इस सूचना पर STF और स्थानीय पुलिस ने चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बनारसी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
21 अगस्त को सारनाथ के सिंहपुर में बाइक सवार तीन शूटरों ने महेंद्र गौतम की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। बनारसी यादव इस हत्याकांड का मुख्य शूटर था और वारदात के बाद से 166 दिनों से फरार चल रहा था। इसके अलावा गाजीपुर के करंडा निवासी बनारसी यादव पर वाराणसी, गाजीपुर और सोनभद्र सहित विभिन्न जनपदों में 24 से ज्यादा गंभीर मुकदमे (हत्या, लूट और रंगदारी) दर्ज थे।
इस मामले में शामिल एक अन्य शूटर अरविंद यादव उर्फ ‘फौजी’ को पुलिस ने 4 जनवरी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरे साथी विशाल की तलाश अब भी जारी है। प्रशासन ने बताया कि बनारसी यादव की मौत से पूर्वांचल के एक बड़े शूटर नेटवर्क का अंत हुआ है।

Related Articles

Back to top button